टीम एबीएन, रांची। आज अपर मुख्य सचिव सह विकास आयुक्त झारखंड अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी, जिसमें ऊर्जा विभाग के सचिव के. निवासन एवं उनके मुख्य अभियंता सहित स्वास्थ्य विभाग के वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान श्री सिंह ने राज्य के सभी सदर अस्पताल, अनुमंडलीय अस्पताल एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सभी अस्पतालों में निर्बाध एवं 24 गुणा 7 बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाये, ताकि स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों।
उन्होंने निर्देश दिया कि अस्पतालों तक बिजली आपूर्ति के लिए अंडरग्राउंड केबल के माध्यम से सीधी लाइन बिछायी जाये, जिससे तूफान या अन्य प्राकृतिक कारणों से बिजली आपूर्ति बाधित न हो। साथ ही सभी सदर अस्पतालों में दो अलग-अलग फीडर से विद्युत आपूर्ति किये जाने हेतु आवश्यक निर्देश दिये, ताकि किसी एक फीडर में समस्या आने पर दूसरा फीडर तुरंत बिजली आपूर्ति जारी रख सके।
अपर मुख्य सचिव ने यह भी कहा कि सभी अस्पतालों में 5 वर्षों का वार्षिक अनुरक्षण अनुबंध (एएमसी) सुनिश्चित किया जाये, जिससे आपात स्थिति में जनरेटर के माध्यम से तुरंत बिजली बहाल की जा सके।
इसके अतिरिक्त आॅपरेशन थिएटर, इमरजेंसी, आईसीयू, पीसीयू एवं एसएनसीयू जैसे संवेदनशील विभागों में अलग-अलग यूपीएस आधारित बैकअप व्यवस्था करने के निर्देश दिये गये।
उन्होंने स्पष्ट किया कि ओटी के लिए अलग यूपीएस होगा, जबकि अन्य विभागों के लिए पृथक यूपीएस की व्यवस्था की जायेगी, ताकि किसी भी परिस्थिति में चिकित्सा सेवाओं में बाधा न आए और किसी प्रकार की जनहानि की आशंका समाप्त हो सके। बैठक में सभी संबंधित विभागों को इन निर्देशों का शीघ्र क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse