एबीएन न्यूज नेटवर्क, पश्चिमी सिंहभूम। जिले के चाईबासा में जंगली हाथियों का आतंक लगातार जारी है। ताजा मामला सदर प्रखंड के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बरकुंडीय गांव के तुरामडीह टोला का है, जहां सोमवार देर रात करीब 11 बजे एक जंगली हाथी ने अचानक हमला कर दिया।
इस दर्दनाक घटना में 57 वर्षीय चांदो देवी की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि 60 वर्षीय लखन कुदादा गंभीर रूप से घायल हो गये। मिली जानकारी के अनुसार, गांव में निर्माणाधीन मंदिर के पास कुछ लोग रात में सो रहे थे। इसी दौरान अचानक एक जंगली हाथी वहां पहुंच गया और सो रहे लोगों पर हमला कर दिया। नींद में होने के कारण लोग संभल नहीं सके।
हाथी ने चांदो देवी को पटक दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गयी, वहीं लखन कुदादा गंभीर रूप से घायल हो गये। मृतका के पुत्र गोपाल गोप ने बताया कि उनकी मां मंदिर निर्माण कार्य में लगी थीं और वहीं सोती थीं। वहीं घायल लखन कुदादा के पुत्र ज्वार कुदादा के अनुसार, उनके पिता भी उसी स्थान पर सो रहे थे, तभी हाथी ने हमला कर दिया।
घटना के बाद ग्रामीण मुंडा ने तत्काल पुलिस और वन विभाग को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया है और बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया। मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है। ग्रामीणों में इस घटना के बाद भारी दहशत का माहौल है और वन विभाग से हाथियों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की जा रही है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse