एबीएन न्यूज नेटवर्क, दुमका। जिले के शिकारीपाड़ा प्रखंड में सोमवार को एक आवारा कुत्ते के हमले से कई गांवों में दहशत फैल गयी। कुत्ते ने 10 लोगों को काटकर घायल कर दिया, जिनमें दो की हालत गंभीर बतायी जा रही है।
शिकारीपाड़ा प्रखंड के चार गांवों में सोमवार को एक आवारा कुत्ते ने 10 लोगों को काट लिया। सभी घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक इलाज किया। चिकित्सक डॉ. स्वर्ण प्रिया लकड़ा ने बताया कि घायलों में से 7 लोगों को बेहतर इलाज के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल रेफर किया गया है। बाकी तीन लोगों का इलाज स्थानीय स्तर पर किया जा रहा है।
घायलों में बच्चे, महिलाएं और युवा शामिल हैं। दो लोगों के सिर पर गंभीर चोट आयी है, जिनकी हालत नाजुक बनी हुई है। ग्रामीणों ने पंचायत के मुखिया साइमन सोरेन के नेतृत्व में सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन के अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे। बीडीओ मोहम्मद एजाज आलम और अंचल अधिकारी कपिल देव ठाकुर ने घायलों की स्थिति का जायजा लिया। डॉक्टरों ने लोगों से अपील की है कि आवारा जानवरों से सावधान रहें और काटने की स्थिति में तुरंत इलाज करायें।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse