टीम एबीएन, रांची। छठ पर्व के दौरान चोरी, छेड़खानी और छिनतई जैसी वारदातों पर ब्रेक लगाने के लिए रांची पुलिस कई तरह के इंतजाम कर रही है। पुलिसकर्मियों की ड्यूटी शिफ्ट वाइज लगायी गयी है। साथ ही शक्ति कमांडो और टाइगर जवानों को बड़ी जिम्मेवारी दी गयी है। वहीं डायल 112 को बेहद एक्टिव किया गया है।
रांची पुलिस ने छठ के दौरान चोर-उचक्कों और मनचलों पर नकेल कसने के लिए तैयारी में जुट गयी है। चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए शहर के सभी थाना क्षेत्रों में 24 घंटे बाइक दस्ता को गश्त लगाने का निर्देश दिया गया है। खासकर 27 और 28 अक्टूबर को छठ पूजा के अर्घ्य के दिन तीन शिफ्टों में मोटरसाइकिल दस्ता (टाइगर जवान) घूम-घूम कर बंद पड़े घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों पर निगरानी करेंगे, ताकि चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
वहीं शक्ति कमांडो छेड़खानी की वारदातों पर अंकुश लगाएगी। महापर्व छठ के दौरान इस बार 26 अक्टूबर को खरना है। जिसमें अधिकांश लोग प्रसाद ग्रहण करने के लिए अपने घरों से बाहर निकलते हैं। वहीं 27 अक्टूबर को शाम का अर्घ्य है। जिसमें लोग अपने घरों से निकल कर भगवान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए डैम और तालाबों तक पहुंचते हैं। यही वजह है अर्घ्य के दिन पुलिसकर्मियों को विशेष रूप से अलर्ट रहने का निर्देश जारी किया गया है।
रांची एसएसपी राकेश रंजन ने बताया कि छठ के दौरान सुरक्षा को लेकर तीन शिफ्ट में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। आठ-आठ घंटे के तीन शिफ्टों में टाइगर मोबाइल दस्ते को लगाया गया है। इसके लिए शहर के हॉटस्पॉट चिह्नित किये गये हैं। सभी हॉटस्पॉट पर विशेष निगरानी रखी जायेगी। बाइक दस्ते के अलावा थाने की पेट्रोलिंग को भी निगरानी का निर्देश दिया गया है।
रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने बताया कि महिला सुरक्षा को लेकर विशेष फोकस किया गया है। छठ घाटों के आसपास सुरक्षा को लेकर बाइक दस्ते को तैनात किया जा रहा है। इसके अलावा नदी और तालाबों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम भी किये गये हैं।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse