छठ महापर्व : भीड़ देख रांची रेल मंडल ने बढ़ायी ट्रेन सेवाएं

 

टीम एबीएन, रांची। फेस्टिव सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रांची रेल मंडल ने यातायात प्रबंधन के लिए विशेष तैयारी की है। दीपावली के बाद छठ जैसे बड़े पर्वों के बीच रेलवे प्लेटफॉर्म से लेकर कोच तक यात्रियों की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है। इस स्थिति को संभालने के लिए मंडल की ओर से 20 जोड़ी विशेष ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है। 

रांची रेल मंडल के सीनियर डीसीएम शुचि सिंह ने जानकारी दी कि अब तक 275 ट्रिप पूरी हो चुकी हैं, जबकि कुल 500 ट्रिप्स चलाने का लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की संख्या में अप्रत्याशित बढ़ोतरी हुई है और अभी तक करीब 4 लाख यात्री रांची मंडल से सफर कर चुके हैं। 

भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों को सुविधा देने के लिए मंडल की ओर से कई अतिरिक्त व्यवस्थाएं की गई हैं। 44 ट्रेनों में 46 एक्स्ट्रा कोच जोड़े जा चुके हैं, ताकि यात्रियों को सीटें उपलब्ध कराई जा सकें और भीड़ का दबाव कम किया जा सके। 

शुचि सिंह ने बताया कि हर ट्रेन में एक्स्ट्रा कोच जोड़ना संभव नहीं है। हम उन्हीं ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगा रहे हैं जिनकी संरचना और तकनीकी क्षमता इसकी अनुमति देती है। जहां संभव है, वहां यात्रियों की सुविधा के लिए अधिकतम कोच जोड़े जा रहे हैं। 

रेलवे ने इस दौरान जनशताब्दी, हटिया-पटना एक्सप्रेस, रांची-वाराणसी एक्सप्रेस, रांची-दुर्ग इंटरसिटी और हावड़ा-रांची शताब्दी जैसी ट्रेनों में सबसे अधिक यात्रियों की आवाजाही दर्ज की है। इन ट्रेनों में कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है। 

यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रांची रेल मंडल ने दो नई जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाने की तैयारी भी कर ली है। इन ट्रेनों के परिचालन का शेड्यूल जल्द जारी किया जाएगा। रेलमंडल प्रशासन का कहना है कि इन अतिरिक्त ट्रेनों से रांची से बिहार, उत्तर प्रदेश और बंगाल जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, स्टेशनों पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल की तैनाती बढ़ाई गई है। स्टेशन परिसर में यात्रियों को दिशा-निर्देश देने के लिए एनाउंसमेंट सिस्टम को भी सक्रिय किया गया है। 

रांची रेलवे स्टेशन पर विशेष रूप से छठ पूजा के यात्रियों के लिए अतिरिक्त हेल्पडेस्क और सहायता केंद्र बनाए गए हैं। मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे टिकट रहित यात्रा न करें और सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए प्लेटफॉर्म पर अनुशासन बनाए रखें। त्योहारों की भीड़ को देखते हुए रांची रेल मंडल ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse