बारिश के बाद महंगे हुए फूल, दीपावली पर रांची में गेंदा

 

टीम एबीएन, रांची। दीपों का पर्व दीपावली में राजधानी रांची के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। पिछले कुछ दिनों से हुई लगातार बारिश के बाद फूलों की कीमतों में काफी इजाफा हुआ है, लेकिन त्योहार की खुशी में लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। सुबह से ही बाजारों में भीड़ लगी हुई है और श्रद्धालु माता लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा-अर्चना के लिए फूल, माला और केला थंब की खरीदारी कर रहे हैं।

बारिश के कारण फूल हुआ थोड़ा महंगा

हर साल दीपावली के मौके पर रांची में लगभग 80 से 90 ट्रक गेंदा फूल की खपत होती है। इस बार भी मांग काफी अधिक है, लेकिन बारिश के कारण फूलों की गुणवत्ता प्रभावित हुई है। खासकर पश्चिम बंगाल और कोलकाता के हावड़ा और बड़ा बाजार से मंगाए गए पीले और लाल गेंदा फूल, मोती फूल की माला, रजनीगंधा और कमल फूल की खेप में कुछ नुकसान हुआ है। थोक बाजार में 20 लड़ियों वाले गेंदा फूल की बोरी की कीमत अब 1100 से 1500 रुपये तक पहुंच गई है।

ग्राहक पूजा की खुशी में खरीदारी में पीछे नहीं

रांची के लालपुर, कचहरी चौक, अपर बाजार, कांटा टोली और रातू रोड इलाकों के फूल बाजारों में सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ उमड़ी हुई है। दुकानदारों का कहना है कि बारिश के कारण फूल थोड़े महंगे जरूर हुए हैं, लेकिन लोग पूजा की खुशी में खरीदारी में पीछे नहीं हट रहे हैं।

इधर, दीपावली पर केला थंब की मांग भी काफी बढ़ जाती है। यह खासकर दुकानों और घरों में शुभता के प्रतीक के रूप में लगाया जाता है। झारखंड के ग्रामीण क्षेत्रों जैसे नामकुम, ओरमांझी, बुंडू, सिल्ली और तुपुदाना से रांची में केला थंब लाए जा रहे हैं। स्थानीय उत्पादन ज्यादा होने की वजह से उनकी कीमतें अपेक्षाकृत स्थिर हैं। बाजार में एक जोड़ी 300 से 500 रुपये में उपलब्ध है।

हर कोई नजर आ रहा उत्सुक

फूल और केला थंब के साथ ही आम्रपल्लव और अन्य पूजा सामग्रियों की भी खरीदारी जोरों पर है। व्यापारी बताते हैं कि दीपावली से दो दिन पहले तक बाजार सबसे ज्यादा व्यस्त रहता है। रांची के बाजारों में दीपावली की रौनक दिखाई दे रही है। दीपों और फूलों से सजे घरों और मंदिरों में हर कोई त्योहार की खुशियां मनाने को उत्सुक नजर आ रहा है।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse