एबीएन कैरियर डेस्क। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (National Medical Commission - NMC) ने 16 अक्टूबर 2025 को देशभर के मेडिकल कॉलेजों के लिए नई MBBS सीट मैट्रिक्स जारी की है। इस संबंध में एनएमसी के पॉलिसी एंड कोऑर्डिनेशन डिवीजन की ओर से एक सार्वजनिक नोटिस (Public Notice) जारी की गई है।
नोटिस राजीव शर्मा, निदेशक (P&C), एनएमसी के द्वारा जारी किया गया है। इसमें कहा गया है कि मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (MARB) की अधिसूचना संख्या N-15029/09/2025-UGMEBके तहत स्नातक (MBBS) पाठ्यक्रमों की सीटों की अद्यतन सूची प्रकाशित की गई है।
यह संशोधन मौजूदा मेडिकल कॉलेजों की सीटों के नवीनीकरण और नए कॉलेजों या अतिरिक्त सीटों के अनुमोदन के बाद तैयार किया गया है। एनएमसी ने सभी मेडिकल कॉलेजों के डीन और प्राचार्यों, अभिभावकों, तथा NEET-UG 2025 में भाग लेने वाले विद्यार्थियों से इस अद्यतन जानकारी को संज्ञान में लेने का अनुरोध किया है।
नई सीट मैट्रिक्स के अनुसार, देशभर के कई राज्यों में MBBS सीटों में वृद्धि की गई है। झारखंड राज्य के दो प्रमुख मेडिकल कॉलेजों में कुल 100 सीटें बढ़ाने की मंजूरी मिली है — एक सरकारी और एक निजी कॉलेज में।
इसके अतिरिक्त, नोटिस में यह भी उल्लेख है कि देश के अन्य राज्यों में कई संस्थानों को Approval for New Establishment during Academic Year 2025-26 के अंतर्गत नए मेडिकल कॉलेज खोलने की अनुमति प्रदान की गई है।
एनएमसी की नई सीट मैट्रिक्स शैक्षणिक वर्ष 2025-26 से प्रभावी होगी। इसका सीधा असर NEET-UG 2025 की काउंसलिंग प्रक्रिया पर पड़ेगा, क्योंकि बढ़ी हुई सीटें इसी सत्र से छात्रों को आवंटित की जाएंगी।
सीटों में वृद्धि की घोषणा पर झारखंड के अपर मुख्य सचिव (स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग) श्री अजय कुमार सिंह ने कहा हमारे लगातार प्रयास का परिणाम है कि राज्य में MBBS सीटों की संख्या बढ़ी है। यह प्रयास आगे भी जारी रहेगा। हमारा लक्ष्य है कि झारखंड के प्रत्येक मेडिकल कॉलेज में कम से कम 150 सीटें उपलब्ध हों।
अभी एक सरकारी कॉलेज में सीट बढ़ाई गई है, जबकि शेष चार अन्य कॉलेजों में भी 50-50 सीटों की वृद्धि के लिए प्रस्ताव पर काम चल रहा है। उन्होंने आगे कहा कि सीट बढ़ने से राज्य में डॉक्टरों की उपलब्धता में सुधार होगा और स्वास्थ्य सेवा को बल मिलेगा।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse