अब क्यूआरटी से एयरपोर्ट की सुरक्षा की तैयारी

 

झारखंड के 4 एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में हेमंत सरकार ने उठाया कदम, क्यूआरटी की तैनाती करने का लिया निर्णय 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड के हवाई अड्डों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। स्पेशल ब्रांच ने राज्य के चार हवाई अड्डों पर क्विक रिएक्शन टीम (क्यूआरटी) की तैनाती करने का निर्णय लिया है। इन एयरपोर्ट में जमशेदपुर का सोनारी एयरपोर्ट, देवघर एयरपोर्ट, बोकारो एयरपोर्ट और दुमका एयरपोर्ट शामिल हैं। 

इन सभी स्थानों पर अब प्रशिक्षित पुलिसकर्मी हर समय सुरक्षा की निगरानी संभालेंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। स्पेशल ब्रांच द्वारा जारी आदेश के अनुसार, प्रत्येक एयरपोर्ट पर सिपाही से लेकर इंस्पेक्टर स्तर तक के कुल 15 पुलिस पदाधिकारी और कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की जायेगी। इस टीम को विशेष रूप से संवेदनशील परिस्थितियों में तेज प्रतिक्रिया देने के लिए प्रशिक्षित किया जायेगा। 

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह तैनाती केंद्र सरकार की रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम (आरसीएस-उड़ान) के तहत आने वाले हवाई अड्डों की सुरक्षा व्यवस्था को सुद्दढ़ करने के उद्देश्य से की जा रही है। स्पेशल ब्रांच द्वारा संबंधित जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों (एसएसपी), पुलिस अधीक्षकों (एसपी) और संबंधित वाहिनी के कमांडेंट को निर्देश जारी करते हुए कहा गया है कि वे इच्छुक पुलिसकर्मियों और पदाधिकारियों का मनोनयन शीघ्र स्पेशल ब्रांच कार्यालय को उपलब्ध करायें। 

इससे उन कर्मियों का चयन किया जा सकेगा जो एयरपोर्ट सुरक्षा से जुड़े विशेष प्रशिक्षण और कार्यों के लिए तैयार हों। सूत्रों के अनुसार, हवाई अड्डों पर सुरक्षा बढ़ाने का यह प्रयास केंद्रीय एविएशन सुरक्षा मानकों के अनुरूप है। देवघर एयरपोर्ट के संचालन शुरू होने के बाद एयर ट्रैफिक में वृद्धि हुई है, वहीं बोकारो और दुमका एयरपोर्ट में भी आरसीएस योजना के तहत उड़ानों के चालू होने की तैयारी अंतिम चरण में है। 

इन सभी कारणों से सरकार ने सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए क्यूआरटी की तत्काल तैनाती का निर्णय लिया है। क्यूआरटी की मौजूदगी से न केवल एयरपोर्ट परिसर की सुरक्षा मजबूत होगी, बल्कि यात्रियों और एयरलाइन कर्मचारियों में भी सुरक्षा के प्रति विश्वास बढ़ेगा।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse