एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप 2025 का फाइनल मुकाबला रविवार को दुबई में खेला जाएगा। यह मौजूदा टूर्नामेंट में तीसरी बार होगा जब दोनों टीमें एक दूसरे के सामने होंगी।
इससे पहले भारत ने एशिया कप के ग्रुप चरण और सुपर चार चरण में चिर प्रतिद्वंद्वी टीम को मात दी थी और अब उसकी नजरें पाकिस्तान के खिलाफ जीत की हैट्रिक लगाने पर टिकी होंगी। भारत के लिए ऐसा कर पाना आसान नहीं होगा क्योंकि पाकिस्तान के खिलाफ खिताबी मुकाबले में टीम का रिकॉर्ड अच्छा नहीं है।
पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 11 रन से हराकर एशिया कप 2025 के फाइनल में प्रवेश कर लिया। अब उसका सामना खिताबी मुकाबले में भारत से होगा। एशिया कप की शुरुआत 1984 में हुई थी। 2016 में पहली बार यह टूर्नामेंट टी20 प्रारूप में खेला गया। भारतीय टीम सबसे ज्यादा बार इस टूर्नामेंट का खिताब जीतने वाली टीम है।
भारत ने अब तक आठ बार एशिया कप की ट्रॉफी अपने नाम की है। वहीं, पाकिस्तान ने सिर्फ दो बार खिताब अपने नाम किया, जबकि श्रीलंका ने छह बार एशिया कप की ट्रॉफी उठाई है। दिलचस्प बात यह है कि एशिया कप के 41 साल के इतिहास में कभी भी भारत-पाकिस्तान का फाइनल में आमना-सामना नहीं हुआ था।
टूर्नामेंट में अजेय चल रही है भारतीय टीम
पिछले दो मैच में भले ही भारतीय टीम पाकिस्तान पर भारी पड़ी हो, लेकिन उसे अतिआत्मविश्वास से बचना होगा जो उसके लिए घातक साबित हो सकता है। पाकिस्तान फाइनल में पहुंचने का दावेदार नहीं लग रहा था, लेकिन उसने वापसी करते हुए खिताबी मैच में प्रवेश किया।
भारत और पाकिस्तान के बीच किसी भी टूर्नामेंट के खिताबी मुकाबले के रिकॉर्ड को देखें तो भारत के लिए यह मैच आसान नहीं रहने वाला है। भारतीय टीम अजेय रहते हुए लगातार पांच मैच जीतकर फाइनल में पहुंची है, लेकिन रविवार को एक भी भूल उसके लिए मुसीबत बन सकती है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse