इरबा : केमिकल फैक्ट्री में आग से चारों ओर धुआं-धुआं

 

केमिकल फैक्टरी में अचानक लगी भीषण आग, तेज धमाके के साथ उठी आग की लपटें; मची अफरातफरी 

टीम एबीएन, रांची। रांची के इरबा इलाके में शुक्रवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गयी, जब एक केमिकल फैक्टरी में अचानक भीषण आग लग गयी। सुबह करीब 9 बजे आसपास के लोगों ने फैक्टरी से धुआं उठता देखा, तभी तेज धमाके के साथ आग की लपटें निकलनी शुरू हो गयीं। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी फैक्टरी को अपनी चपेट में ले लिया। 

आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोग अपनी-अपनी जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकल आये। प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आसपास के इलाकों को खाली कराया और लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया। फैक्टरी के पास बने कई छोटे-छोटे मकान भी खतरे में आ गए, लेकिन समय रहते लोगों को बाहर निकाल लिया गया। 

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। घंटों की मशक्कत के बाद भी आग पर पूरी तरह से काबू नहीं पाया जा सका था। आग इतनी भीषण थी कि दूर-दूर तक धुएं का गुबार देखा जा सकता था। फायर ब्रिगेड के कर्मी लगातार आग बुझाने की कोशिश में जुटे रहे। 

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पहले फैक्टरी से धुआं निकलता दिखा और फिर अचानक जोरदार धमाका हुआ। धमाके के बाद फैक्टरी की खिड़कियां और दीवारें भी क्षतिग्रस्त हो गयीं। हादसे की वजह से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। हालांकि राहत की बात यह है कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फिर भी फैक्टरी को आग से भारी नुकसान हुआ है। लाखों का सामान जलकर खाक हो गया। 

प्रशासन और पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। आग लगने की असली वजह का अभी पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक अनुमान लगाया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट या किसी केमिकल रिएक्शन की वजह से यह भीषण हादसा हुआ। जांच टीम फैक्टरी के कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से सैंपल भी लिए जा रहे हैं। इलाके के लोग अब भी दहशत में हैं। फिलहाल प्रशासन ने आसपास के इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse