श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर पुंदाग में डांडिया-गरबा महोत्सव की तैयारियां जोरों पर

 

75 महिलाओं ने वर्कशॉप में लिया भाग, गरबा की धुनों पर थिरकीं कदम 

टीम एबीएन, रांची। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के तत्वावधान में एवं नृत्य श्री डांस स्टूडियो कटहल मोड़ के सौजन्य से आगामी 25 सितंबर को श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर, पुंदाग परिसर में भव्य डांडिया एवं गरबा डांस महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस रंगारंग सांस्कृतिक उत्सव की तैयारी को लेकर मंदिर परिसर में एक विशेष डांडिया-गरबा वर्कशॉप का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र की लगभग 75 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। 

इस वर्कशॉप का उद्देश्य डांडिया और गरबा नृत्य की परंपरागत शैली को प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों तक पहुंचाना था, जिससे महोत्सव के दिन गरबा की प्रस्तुतियां और भी मनमोहक बन सकें। प्रशिक्षण सत्र का संचालन नृत्य श्री डांस स्टूडियो की संयोजिका श्रीमती पिंकी सिंह और नृत्य प्रशिक्षक श्री राम सोनी द्वारा किया गया। 

दोनों ने महिलाओं को गरबा की मूलभूत मुद्राओं, ताल, लय और समूह समन्वय का गहन अभ्यास करवाया। वर्कशॉप के दौरान प्रतिभागियों में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने लायक था। रंग-बिरंगे परिधानों में सजी महिलाओं ने जब गरबा की पारंपरिक धुनों पर तालबद्ध कदमों से अभ्यास किया, तो मंदिर परिसर सांस्कृतिक रंग में सराबोर हो उठा। 

संयोजिका पिंकी सिंह ने बताया कि इस वर्कशॉप का उद्देश्य केवल नृत्य सिखाना नहीं, बल्कि सांस्कृतिक जागरूकता, महिला सशक्तिकरण और सामूहिक सहभागिता को भी प्रोत्साहित करना है। गरबा और डांडिया जैसे लोकनृत्य समाज में एकता और समरसता के प्रतीक हैं। 

श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल एवं प्रवक्ता संजय सर्राफ ने इस आयोजन को लेकर प्रसन्नता व्यक्त की और बताया कि 25 सितंबर को होने वाला यह गरबा महोत्सव सभी आयु वर्ग के श्रद्धालुओं एवं नागरिकों के लिए खुला रहेगा। महोत्सव में पारंपरिक वेशभूषा, लाइव म्यूजिक और गरबा प्रतियोगिताओं के साथ कई सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी होंगी। 

कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु नृत्य श्री डांस स्टूडियो एवं ट्रस्ट के सदस्यगण, स्थानीय महिलाएं और युवा वर्ग पूरी निष्ठा और समर्पण से तैयारियों में जुटे हैं। उक्त जानकारी श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने दी।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse