गुमला जिला में अबतक किशोरों का 78% टीकाकरण हुआ : उपायुक्त

 

गुमला। 03 जनवरी 2022 से गुमला जिलांतर्गत शुरम हुए 15 से 18 वर्ष की आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं के शत-प्रतिशत कोविड-19 टीकाकरण कार्यक्रम तथा वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रसार से बचाव एवं रोकथाम के मद्देनजर उपायुक्त गुमला शिशिर कुमार सिन्हा ने परिसदन भवन गुमला के सभागार में प्रेस वार्ता कर प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया को जिला में कोरोना से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने प्रिंट/ इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं जिलावासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वर्तमान में इस महामारी के संभावित तीसरे लहर के प्रकोप से बचाव में अपना सहयोग देने की अपील की। उन्होंने आमजनों को इस महामारी से बचाव के निमित्त सदैव मास्क पहनने, अनावश्यक भीड़-भाड़ वाली जगहों पर न जाने, हाथ धुलाई की आदतों को अपनाने तथा कोरोना टीका लगवाने की अपील की। उन्होंने प्रिंट/ इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों से आमलोगों के बीच कोरोना के टीके के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने प्रतिनिधियों के अपने स्तर से भी लोगों को कोविड समुचित व्यवहार के अनुपालन कराने, मास्क पहनने की आदत अपनाने एवं सामाजिक दूरी के नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करने की अपील की। उपायुक्त ने 03 जनवरी 2022 से गुमला जिलातंर्गत प्रारंभ हुए 15 से 18 वर्ष के आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं के कोविड-19 टीकाकरण कार्यक्रम की जानकारी साझा करते हुए बताया कि उक्त कार्यक्रम के तहत जिले में 15-18 वर्ष के 74000 बालक-बालिकाओं को कोरोना का टीका लगाने हेतु लक्ष्य निर्धारित है। जिसमें से 03 एवं 04 जनवरी 2022 को लगभग 14000 बालक-बालिकाओं को कोरोना का प्रथम डोज का टीका लगाया गया है। आने वाले एक सप्ताह के अंदर शेष लक्षित सभी बालक-बालिकाओं को शत-प्रतिशत टीकाकरण से आच्छादित कर लिया जायेगा। इसके साथ ही 10 जनवरी 2022 से 60 वर्ष अधिक आयुवर्ग के लोगों/ बीपी-शुगर आदि से ग्रसित व्यक्तियों, स्वास्थ्य कर्मी एवं फ्रंटलाईन कर्मियों को बूस्टर डोज दिया जाना है। जिसके लिए रणनीति तैयार कर ली गई है। ससमय चिन्हित लोगों को बूस्टर डोज दे दिया जाएगा। वैक्सीन लेने के पश्चात टीका लेने वाले व्यक्ति को कम से कम आधे घंटे तक चिकित्सीय निगरानी में रखने का निर्देश दिया गया है। खासकर चक्कर आने या तबीयत खराब होने की स्थिति में अनिवार्य रूप से चिकित्सीय निगरानी में रखा जाना है। इसके साथ ही उपायुक्त ने व्यवसायिक वाहन चालकों को टीका लेने के पश्चात निश्चित रूप से आधे घंटे तक बैठने की बात कही। उपायुक्त ने बताया कि जिले में कोरोना से अबतक 42 लोगों की मृत्यु हुई है। उनके आश्रितों को सरकार द्वारा प्रति व्यक्ति 50 हजार रुपये की सहायता राशि दी जानी है। उन्होंने बताया कि 38 मृतकों के आश्रितों को सहायता राशि देने के लिए प्रतिवेदित किया गया है। वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के संभावित तीसरे लहर से बचाव एवं रोकथाम के निमित्त जिला प्रशासन की तैयारियों की जानकारी देते हुए उपायुक्त ने बताया कि जिले में कुल 350 आॅक्सीजन युक्त बेडों की व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त 700 सामान्य बेड कोरोना से प्रभावित मरीजों के समुचित ईलाज हेतु व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि 20 जनवरी तक पुगु में आरटीपीसीआर केंद्र स्थापित कर कोरोना जांच प्रारंभ कर दिया जाएगा। कोरोना संक्रमितों के उच्चतम ईलाज हेतु सदर अस्पताल में पीएसए प्लांट का भी अधिष्ठापन कर लिया गया है। उन्होंने आगे बताया कि रायडीह-मांझाटोली, डुमरी, भरनो सहित जिले में प्रवेश करने वाले मुख्य राजमार्गों पर कोविड जांच केंद्र बनाया गया है। जिले में अन्यत्र राज्यों से आने वाले व्यक्तियों का जिले में प्रवेश से पूर्व कोविड जांच कराना अनिवार्य होगा। प्रेस वार्ता के दौरान उपायुक्त ने कोविड जांच एवं पॉजिटिव मामलों की जानकारी देते हुए कहा कि जिले में अबतक 04 लाख 88 हजार 969 लोगों की कोरोना जांच की गई। जिसमें से 9889 लोग पॉजिटिव पाये गये। वहीं पॉजिटिविटी दर 0.20 प्रतिशत व राज्य में मृत्यु दर 0.42 प्रतिशत है। इसके साथ ही अभी तक इंस्टिट्यूसनल क्वारंटाइन में 06 मरीज तथा होम क्वारंटाइन में 49 मरीज चिकित्सकों की देखरेख में ईलाजरत हैं। कोरोना संक्रमण के प्रसार को नियंत्रित करने के लिए सरकार द्वारा जारी किए गए दिशा-निर्देश के मद्देनजर जिला के विभिन्न क्षेत्रों में होने वाले फुटबॉल प्रतियोगिता, मेला, गैदरिंग पर रोक लगाने का कार्य किया जा रहा है। प्रेस वार्ता में उपायुक्त शिशिर कुमार सिन्हा, अपर समाहर्त्ता सुधीर कुमार गुप्ता, नजारत उप समाहर्त्ता सिद्धार्थ शंकर चौधरी, जिला योजना पदाधिकारी सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी विभूति कुमार सिंह, एसएमपीओ रेचल जोजोवार, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि व अन्य उपस्थित थे।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse