समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाना सभी की जिम्मेदारी : हेमंत सोरेन

 

  • रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित करम पूर्व संध्या समारोह-2025 कार्यक्रम में सम्मिलित हुए मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन 
  • आदिवासी समाज के लोग एकजुट होकर राज्य के विकास में अपनी भूमिका निभायें : सीएम 

टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित करम पूर्व संध्या समारोह-2025 कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने समस्त झारखंडवासियों को करम महोत्सव की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे पूर्वजों ने एक समृद्ध सामाजिक, सांस्कृतिक विरासत हमें दिया है। पूरा आदिवासी समाज एकजुट रहकर इस विरासत को इसी प्रकार आगे बढ़ायें। आदिवासी समुदाय की संरक्षा के लिए देश में कई कायदे-कानून बनाये गये हैं, कई सारी व्यवस्थाएं भी बनाई गई हैं। 

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि पूरी दुनिया में आदिवासी समाज के प्रति हमेशा विचार-विमर्श होता रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज आदिवासी समाज  कई कारणों से, कई नीतियों  की वजह से इधर-उधर बिखर जा रहे हैं, लेकिन हमारी वर्तमान पीढ़ियों ने हमारी सामाजिक और सांस्कृतिक व्यवस्थाओं को अलग-अलग प्लेटफार्म, अलग-अलग माध्यमों का उपयोग कर सामाजिकता को निरंतर आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।  

सभी लोग करम महोत्सव धूमधाम से मनायें 

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज बहुत ही खुशी का माहौल है। राज्य के अलग-अलग गांव, मोहल्ले, टोलों में करम महोत्सव मनाया जा रहा है। करम महोत्सव सिर्फ झारखंड में ही नहीं बल्कि जहां-जहां हमारे आदिवासी समुदाय के लोग बसे हैं, वहां भी करम महोत्सव की तैयारी की गई है। सभी लोग करम महोत्सव धूमधाम से मना रहे हैं। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिवासी समाज के लोग इसी तरह एक साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ेंगे तो परिणाम अवश्य बेहतर होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज करम पूर्व संध्या समारोह में यहां राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से हजारों की संख्या में महिला-पुरुष बच्चे-बच्चियां एकत्रित हुए हैं, एक खुशनुमा माहौल बना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि करम महोत्सव के अवसर पर ऐसा ही हर्ष और खुशी का माहौल पूरे राज्य में बना रहे, यही हमसभी की प्राथमिकता होनी चाहिए। 

हर हाल में समृद्ध विरासत को आगे बढ़ाना चाहिए 

मुख्यमंत्री श्री सोरेन ने कहा कि हमारे अगुवा मार्गदर्शकों ने जो सांस्कृतिक विरासत हमें सौंपी है, इस समृद्ध विरासत  को हर हाल में आगे बढ़ाना है। यही राज्य सरकार के साथ-साथ हम सभी की जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार आदिवासी समाज के अंदर की कमियों को दूर करने का निरंतर प्रयास कर रही है लेकिन इस प्रयास में सफलता तभी मिलेगी जब पूरा समाज एक होकर राज्य के सर्वांगीण विकास में अपनी भूमिका निभायेगा। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी जिस उत्साह के साथ संस्कृति को आगे बढ़ा रहे हैं यह हमें प्रेरित करती है। आज बहुत ही खुशी का दिन है आप सबों को मैं अपनी ओर से करम महोत्सव की ढेर सारी शुभकामनाएं देता हूं। मैं उन सभी के प्रति आभार व्यक्त करता हूं जिन्होंने इस कार्यक्रम को सफल बनाया है। जोहार! जय झारखंड! इस अवसर पर मंत्री चमरा लिंडा, विधायक जिगा सुसारन होरो सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse