एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत के 2036 ओलंपिक की मेजबानी की आकांक्षा के बीच केंद्र सरकार इस बार राष्ट्रीय खेल दिवस (29 अगस्त) को भव्य रूप से मना रही है। देशभर में 29 से 31 अगस्त तक तीन दिवसीय कार्यक्रम होंगे। इस दिशा में झारखंड भी पीछे नहीं है। राजधानी रांची सहित राज्यभर में खेल एवं फिटनेस गतिविधियों को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं।
राष्ट्रीय खेल दिवस हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती पर हर साल मनाया जाता है। लेकिन इस बार का आयोजन विशेष महत्व रखता है। केंद्र सरकार ने नागरिकों और खिलाड़ियों से अपील की है कि वे प्रतिदिन कम से कम एक घंटा खेल और व्यायाम को समय दें, ताकि फिट इंडिया मूवमेंट को जन आंदोलन का रूप दिया जा सके।
झारखंड, जो खुद को हॉकी की नर्सरी के रूप में स्थापित कर चुका है, इस आयोजन में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। राज्य सरकार और खेल मंत्रालय के संयुक्त प्रयास से राजधानी रांची में कई बड़े आयोजन होने जा रहे हैं। खेल विभाग, हॉकी झारखंड और विभिन्न खेल संगठनों की सक्रिय भागीदारी से खेल को जन-जन तक पहुंचाने का खाका तैयार किया गया है।
रांची के खेलगांव, बिरसा मुंडा हॉकी स्टेडियम और विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में फिटनेस कार्निवल, वाद-विवाद प्रतियोगिता, संगोष्ठी, रन फॉर फिटनेस और प्रदर्शनी मैच आयोजित होंगे। खासकर हॉकी से जुड़े विभिन्न वर्गों, महिला, पुरुष, जूनियर और सब-जूनियर के लिए अलग-अलग टूर्नामेंट की योजना बनायी गयी है। इस आयोजन का मकसद मेजर ध्यानचंद की स्मृति को जीवंत करना और झारखंड में मौजूद प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना है।
हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह ने बताया कि 29 अगस्त इस बार झारखंड के लिए ग्रैंड होगा। हमारे लिए मेजर ध्यानचंद सिर्फ एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि प्रेरणा के स्रोत हैं। उनकी जयंती को यादगार बनाने की तैयारी पूरी कर ली गयी है। राज्यभर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम न सिर्फ खिलाड़ियों को बल्कि आम नागरिकों को भी खेल से जोड़ेंगे।
हॉकी झारखंड के पदाधिकारी रजनीश कुमार ने कहा कि राजधानी रांची इन तीन दिनों में खेलों का केंद्र बनने जा रही है। हम चाहते हैं कि खेल दिवस सिर्फ औपचारिकता न रहकर एक उत्सव बने। इसके लिए स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय और पंचायत स्तर तक सक्रियता दिखायी जायेगी।
मेजर ध्यानचंद की जयंती पर राजधानी रांची में भव्य उद्घाटन समारोह होगा। बिरसा मुंडा स्टेडियम में फिट इंडिया रन, योग और फिटनेस एक्टिविटी और स्कूल स्तर की प्रतियोगिताओं से कार्यक्रम की शुरुआत होगी। स्टेडियम में हॉकी प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। इस दिन ह्यखेल विमर्श और वाद-विवाद प्रतियोगिता भी आयोजित की जायेगी।
दूसरे दिन विभिन्न हॉकी वर्गों के टूर्नामेंट खेले जायेंगे। महिला और जूनियर हॉकी मैचों के अलावा स्कूल और कॉलेज स्तर पर भी एथलेटिक्स, कबड्डी, फुटबॉल और इंडोर खेलों की प्रतियोगिताएं होंगी। फिट इंडिया कार्निवल और स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगया जायेगा।
अंतिम दिन पुरुष हॉकी टूर्नामेंट का फाइनल मैच आकर्षण का केंद्र होगा। इसके अलावा खेल और फिटनेस पर आधारित प्रदर्शनी, निबंध प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण और फिट इंडिया संकल्प समारोह होगा। समापन अवसर पर खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को सम्मानित भी किया जायेगा।
झारखंड में होने वाले आयोजन का सीधा संदेश है कि खेल केवल मैदान तक सीमित न रहकर जीवनशैली का हिस्सा बने। केंद्र सरकार का उद्देश्य है कि 2036 ओलंपिक की तैयारी सिर्फ खेल सुविधाओं तक सीमित न रहकर आम नागरिकों के जीवन में खेलों की संस्कृति स्थापित करे।
29 से 31 अगस्त तक झारखंड में होने वाले इन आयोजनों से यह उम्मीद की जा रही है कि खेल दिवस को एक बड़े जन उत्सव के रूप में मनाया जायेगा। राज्य सरकार, खेल संगठनों और नागरिकों की साझा भागीदारी से यह कार्यक्रम झारखंड को राष्ट्रीय खेल आंदोलन में अग्रणी राज्य के रूप में पहचान दिलायेगा।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse