उपायुक्त के साप्ताहिक जनता दरबार में फरियादियों ने आवेदन देकर लगायी समस्या समाधान की गुहार

 

गुमला। उपायुक्त गुमला शिशिर कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन आईटीडीए भवन स्थित उपायुक्त के कार्यालय वेश्म में किया गया। जनता दरबार में सिसई प्रखंड के सिसई बस्ती निवासी पंचमुनी कुमारी ने आवेदन पत्र समर्पित कर बताया कि विगत 26 अक्तूबर 2017 को उनकी माता की हत्या कर दी गई थी। जिसके बाद उसके पिता भी गंभीर बीमारी से ग्रसित रहने लगे और वर्ष 2018 के दिसंबर माह में उनकी भी मृत्यु हो गई। माता-पिता के निधन के बाद पंचमुनी अनाथ हो गईं। वर्तमान में अपने पड़ोसी के घर पर आश्रित हैं और किसी प्रकार अपना जीवन यापन कर रही हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने इंटर तक पढ़ाई की है, किंतु जीवन यापन करने में उन्हें काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। अत: उन्होंने सिसई प्रखंडांतर्गत अवस्थित उनके पिता के पैतृक जमीन के हिस्से की बची हुई जमीन को स्वयं के नाम पर हस्तांतरित कराने तथा जीवन यापन करने हेतु नौकरी दिलाने की गुहार लगाई। इसपर उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारी को पत्र अग्रसारित करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। एक अन्य मामले में गुमला डीएसपी रोड निवासी प्रमीला देवी ने आवेदन समर्पित करते हुए बताया कि विगत 04 अक्तूबर 2015 को उनकी पुत्री की मृत्यु के पश्चात उनकी दोनों पोतियों परिधि कुमारी एवं आस्था कुमारी को अपने संरक्षण में रखकर उनका भरण-पोषण वे स्वयं ही कर रही हैं। वर्तमान में परिधि कुमारी कक्षा 04 में तथा आस्था कुमारी कक्षा 03 में अध्ययनरत हैं। इनके बेहतर शिक्षा के निमित्त उन्होंने बच्चियों का नामांकन केंद्रीय विद्यालय गुमला में करने हेतु गुहार लगाई है। इसपर उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारी को पत्र अग्रसारित करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा जनता दरबार में दिव्यांगता के कारण पानी भरने में असमर्थ होने पर घर के पास तापाकल की सुविधा उपलब्ध कराने, खतियानी जमीन हस्तांतरण, पैतृक जमीन हस्तांतरण सहित अन्य समस्याओं के निराकरण हेतु फरियादियों द्वारा आवेदन समर्पित कर उपायुक्त से समस्या के निदान हेतु गुहार लगाई गई। जिसपर उपायुक्त ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को पत्र अग्रसारित करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चत करने का निर्देश दिया।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse