रांची : सदर अस्पताल को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि

 

आयुष्मान भारत योजना के क्रियान्वयन में देशभर में प्रथम स्थान प्राप्त कर रचा नया इतिहास 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड की राजधानी रांची स्थित सदर अस्पताल ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है। आयुष्मान भारत - मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के सफल क्रियान्वयन में यह अस्पताल पूरे भारतवर्ष में प्रथम स्थान पर रहा है। यह न केवल झारखंड के स्वास्थ्य तंत्र की क्षमता का प्रतीक है, बल्कि यह पूरे देश के लिए एक आदर्श उदाहरण प्रस्तुत करता है कि सरकारी संस्थान भी प्रतिबद्धता और दक्षता से कार्य कर बेहतरीन परिणाम दे सकते हैं। 

सरकारी स्वास्थ्य प्रणाली की एक नयी पहचान 

रांची सदर अस्पताल ने आयुष्मान भारत योजना के तहत नि:शुल्क और समावेशी स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावशाली क्रियान्वयन में सभी जिला अस्पतालों को पीछे छोड़ दिया है। मेडिकल कॉलेजों और अन्य सरकारी संस्थानों की श्रेणी में भी इसे चौथा स्थान प्राप्त हुआ है, जो अस्पताल की सेवा गुणवत्ता, दक्षता और व्यवस्था की व्यापक सराहना का प्रमाण है। 

दो लाख से अधिक मरीजों को मिला लाभ 

इस योजना के अंतर्गत अब तक 2 लाख से अधिक आयुष्मान कार्डधारी मरीजों को नि:शुल्क इलाज और समुचित चिकित्सा सुविधाएं प्रदान की जा चुकी हैं। चाहे सामान्य बीमारियां हों या जटिल आॅपरेशन, मरीजों को किसी भी प्रकार का आर्थिक बोझ उठाये बिना इलाज की सुविधा मिली है। यह स्वास्थ्य सेवाओं को वास्तविक रूप से गरीब और जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। 

सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं की श्रृंखला में विस्तार 

बीते वर्षों में रांची सदर अस्पताल में चरणबद्ध ढंग से स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हुआ है। अस्पताल में हृदय रोग, श्वसन तंत्र, नेत्र रोग, मूत्ररोग, अस्थि एवं जोड़ प्रत्यारोपण जैसी सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं शुरू की गयी हैं। इसका सीधा लाभ न केवल रांची बल्कि आसपास के जिलों और दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को भी मिल रहा है। 

अपर मुख्य सचिव ने जताया गर्व, दी बधाई 

अजय कुमार सिंह, अपर मुख्य सचिव, स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग, झारखंड ने इस उपलब्धि पर गहरा हर्ष जताते हुए कहा कि सदर अस्पताल, रांची ने आयुष्मान भारत योजना के तहत जिस स्तर की सेवाएं प्रदान की हैं, वह राष्ट्रीय स्तर पर प्रशंसा के योग्य है। यह पूरे झारखंड के लिए गर्व का विषय है कि एक जिला अस्पताल ने इतना बड़ा मुकाम हासिल किया है। 

उन्होंने आगे कहा कि यह सफलता चिकित्सा पदाधिकारियों, स्वास्थ्यकर्मियों, तकनीकी और प्रशासनिक टीमों की सामूहिक मेहनत का परिणाम है। उन्होंने सभी को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई दी और कहा कि इस उपलब्धि से प्रेरित होकर राज्य के अन्य अस्पताल भी इस दिशा में कार्यरत रहेंगे। 

स्वास्थ्य सेवा सुधार की दिशा में बढ़ता झारखंड 

सदर अस्पताल, रांची की यह सफलता केवल एक संस्थान की उपलब्धि नहीं, बल्कि झारखंड राज्य के स्वास्थ्य सेवा सुधार प्रयासों की पुष्टि है। यह दर्शाता है कि यदि योजनाओं का समर्पणपूर्वक, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ संचालन किया जाए, तो सरकारी ढांचा भी निजी क्षेत्र की तरह उच्च स्तरीय सेवाएं प्रदान कर सकता है। 

राज्य सरकार अब इस मॉडल को अन्य जिलों में भी दोहरे स्तर पर दोहराने की योजना बना रही है, ताकि हर नागरिक को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा मिल सके, चाहे वह राज्य के किसी भी कोने में क्यों न रहता हो।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse