श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर पुंदाग में पांच दिवसीय श्री कृष्ण बीतक कथा 27 से

 

टीम एबीएन, रांची। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर पुंदाग रांची में एक दिव्य और भव्य धार्मिक आयोजन 27 जुलाई से 31 जुलाई तक मंदिर परिसर में पांच दिवसीय श्रीकृष्ण बीतक कथा का आयोजन करेगा, जो आध्यात्मिक श्रद्धालुओं के लिए एक अनुपम अवसर होगा। 

ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल एवं प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि इस आयोजन में कथा वाचन का सौभाग्य विदुषी साध्वी मीणा महाराज एवं विदुषी साध्वी पूर्णा महाराज को प्राप्त होगा। दोनों साध्वीगण अपनी मधुर वाणी, गहन आध्यात्मिक अनुभव और श्रद्धा से परिपूर्ण भावों के माध्यम से श्रीकृष्ण लीला, रासोत्सव, भक्ति योग एवं जीवन दर्शन की व्याख्या करेंगी। 

श्रीकृष्ण बीतक कथा, केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह आत्मा के शुद्धिकरण, मन की शांति और सामाजिक समरसता का संदेश देने वाला एक महायज्ञ है। इस कथा में भगवान श्रीकृष्ण के बाल्यकाल, युवावस्था, गीता ज्ञान, रासलीला एवं उनके अद्भुत चरित्र की व्याख्या की जायेगी। विशेषकर आज के युग में श्रीकृष्ण के उपदेश, धर्म के प्रति उनका समर्पण और निष्काम कर्म की भावना युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन सकती है। 

कथा प्रत्येक दिन अपराह्न 2.30 बजे से संध्या 5 बजे तक होगा और अंत में सामूहिक आरती व प्रसाद वितरण किया जायेगा। श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गयी हैं। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं, भक्तों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस आध्यात्मिक महोत्सव में सपरिवार पधारकर पुण्य लाभ अर्जित करें और भक्ति रस में सराबोर हों। 

यह कथा न केवल धार्मिक उन्नति का माध्यम है, बल्कि जीवन में सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने का भी श्रेष्ठ अवसर है। उक्त जानकारी श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने दी।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse