एबीएन सोशल डेस्क। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा-धाम ट्रस्ट एवं विश्व हिंदू परिषद सेवा विभाग के प्रांतीय प्रवक्ता संजय सर्राफ ने कहा है कि भारतीय संस्कृति में श्रावण मास का अत्यंत विशेष महत्व है। यह महीना आस्था, भक्ति, तपस्या और साधना का प्रतीक है, जो न केवल धार्मिक दृष्टिकोण से पवित्र माना जाता है, बल्कि यह प्रकृति और जीवन के संतुलन का भी प्रतीक है।
इसकी शुरुआत आषाढ़ पूर्णिमा के अगले दिन से होती है। यह संपूर्ण मास भगवान शिव को समर्पित होता है, जिसे भक्तगण विशेष श्रद्धा और उत्साह से मनाते हैं। श्रावण मास को भगवान शिव का प्रिय मास माना जाता है। पुराणों के अनुसार समुद्र मंथन के दौरान जब हलाहल विष निकला, तो संपूर्ण ब्रह्मांड की रक्षा हेतु भगवान शिव ने उसे अपने कंठ में धारण कर लिया।
जिससे उनका कंठ नीला हो गया और वे नीलकंठ कहलाये। इस विष की ज्वाला को शांत करने के लिए देवताओं ने शिवजी पर जल अर्पित किया। तभी से श्रावण मास में जलाभिषेक की परंपरा शुरू हुई। श्रावण सोमवार का विशेष महत्व है। श्रावण के सभी सोमवार को व्रत रखकर शिवलिंग पर जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा, शहद आदि चढ़ाने से भक्तों की सभी मनोकामनाएँ पूर्ण होती हैं।
ऐसा माना जाता है कि इस मास में शिवभक्ति से मोक्ष प्राप्त होता है और समस्त पापों का नाश होता है। श्रावण मास में अनेक धार्मिक अनुष्ठान, व्रत एवं पर्व आते हैं। श्रावण सोमवार व्रत भगवान शिव की कृपा प्राप्त करने हेतु यह व्रत अत्यंत फलदायी माना गया है।
वर्षा ऋतु के कारण यह समय हरियाली, जल संरक्षण और भूमि की उर्वरता से जुड़ा होता है। इस महीने वृक्षारोपण का विशेष महत्व है, जिसे हमारी परंपरा ने धर्म से जोड़कर स्थायी जीवन शैली का हिस्सा बनाया है। श्रावण मास में कांवड़ यात्रा का विशेष महत्त्व है, जिसमें लाखों श्रद्धालु गंगाजल लेकर शिवधामों तक पदयात्रा करते हैं।
यह न केवल एक धार्मिक क्रिया है, बल्कि एक सामाजिक समरसता और साहस का उदाहरण भी है। श्रावण मास आत्मनिरीक्षण, संयम और साधना का समय है। उपवास, ध्यान, जाप और स्वाध्याय के माध्यम से यह मास आध्यात्मिक प्रगति का द्वार खोलता है। विशेषतः शिवमहापुराण, रुद्राष्टाध्यायी, शिव तांडव स्तोत्र आदि का पाठ इस मास में विशेष फलदायी माना गया है।
श्रावण मास न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह भारतीय संस्कृति की गहराई और आध्यात्मिक विरासत को भी उजागर करता है। यह मास हमें भक्ति, सेवा, समर्पण और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का पाठ पढ़ाता है। इस पावन मास में हम सभी श्रद्धा और संयम के साथ शिवभक्ति में लीन होकर जीवन को सकारात्मकता से भरें।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse