टीम एबीएन, रांची। आज दिनांक 27 जून 2025 को झारखंड की राजधानी रांची के जगन्नाथपुर, धुर्वा से ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथ यात्रा पूरे विधि-विधान और भव्यता के साथ मुख्य मंदिर से मौसीबाड़ी पहुंची। इस पवित्र यात्रा में भगवान जगन्नाथ, बलभद्र, और सुभद्रा के रथ को हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक खींचा, और रथ यात्रा अपने गंतव्य तक पहुंची। इस दौरान जिला प्रशासन और पुलिस की पूरी टीम ने चाक-चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित की, जिससे यह आयोजन सुचारू और सुरक्षित रूप से संपन्न हुआ।
जिला प्रशासन ने रथ यात्रा और इसके साथ आयोजित होने वाले रथ यात्रा के लिए व्यापक तैयारियां की थीं।
रथ यात्रा मार्ग और मेला परिसर में सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन, और वॉच टावर स्थापित किये गये। पुलिसकर्मी, पुरुष और महिला के साथ-साथ मजिस्ट्रेट तैनात किये गये। सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी भीड़ पर नजर रखने के लिए मौजूद रहे। नीलाद्री भवन में एक कमांड सेंटर स्थापित किया गया, जहां ड्रोन और सीसीटीवी फुटेज से निगरानी की जा रही हैं।
रथ यात्रा के दौरान सुगम यातायात के लिए धुर्वा गोलचक्कर से पुराना विधानसभा, प्रभात तारा मैदान से शालीमार बाजार चौक, तिरिल मोड़ से मौसीबाड़ी गोलचक्कर, और अन्य मार्गों पर वाहनों का प्रवेश निषेध रहा।
रथ यात्रा के दौरान पुलिस महानिरीक्षक मनोज कौशिक, उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रांची, मंजूनाथ भजन्त्री, डीआईजी सह वरीय पुलिस अधीक्षक रांची चंदन कुमार सिन्हा, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) राजेश्वर नाथ आलोक, पुलिस अधीक्षक (नगर) अजित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) उत्कर्ष कुमार, जिला नजारत उप समाहर्ता डॉ सुदेश कुमार, पुलिस उपाधीक्षक (हटिया व सदर) और अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे। इनके नेतृत्व में सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित की गयीं।
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने भी श्रद्धा पूर्वक भगवान के रथ को खींचा। इस दौरान उन्होंने पुरे विधि व्यवस्था पर नजर बनाये रखा था और मेला में प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे थे। जिला प्रशासन और मंदिर समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इस पवित्र आयोजन में शामिल होकर भगवान जगन्नाथ के दर्शन करें और व्यवस्था बनाये रखने में सहयोग करें।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse