एबीएन सेंट्रल डेस्क (ग्वालियर)। यहां कुत्ते के भौंकने को लेकर शुरू हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बदमाशों ने कुत्ते के मालिक को बीच सड़क पर गोली मार दी, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना से पूरा ग्वालियर थर्रा उठा है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य फरार हैं। दरअसल, यह पूरी घटना ग्वालियर के कंपू थाना क्षेत्र स्थित मांढरे की माता मंदिर के पास की है।
झुग्गी झोपड़ी निवासी संजय यादव रविवार देर रात करीब 12 बजे अपने भाई सचिन यादव के साथ घर के बाहर टहल रहे थे। तभी रिंकू राजपूत, कपिल राजपूत और रामवरण जाटव वहां आए। आरोपियों ने सचिन और संजय से गाली-गलौज करना शुरू कर दिया और पूछा, तेरा कुत्ता नहीं दिख रहा... जब दोनों भाइयों ने गाली-गलौज का विरोध किया, तो तीनों बदमाशों ने उनकी मारपीट की और अचानक फायरिंग कर दी।
फायरिंग में एक गोली सचिन के पेट में जा लगी, जिससे वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। आरोपियों को लगा कि सचिन मर गया है और वे मौके से फरार हो गये। घायल सचिन को तुरंत परिजनों ने जयारोग्य अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। हालांकि, शुरूआत में यह मामला कुत्ते के भौंकने को लेकर हुए झगड़े का लग रहा था, लेकिन घायल के परिजनों ने पुलिस को जो जानकारी दी है, वह चौंकाने वाली है।
परिजनों ने बताया कि मुख्य आरोपी रामवरण, कपिल और रिंकू वन विभाग की जमीन पर कब्जा कर प्लाटिंग कर रहे हैं। इस अवैध प्लाटिंग की शिकायत क्षेत्रवासियों के साथ-साथ घायल सचिन ने भी वन विभाग, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से की थी। इसी शिकायत और अवैध कब्जे को लेकर बदमाशों और सचिन व क्षेत्रवासियों के बीच लंबे समय से टशन (तनाव) चल रहा था।
परिजनों के अनुसार, यह इलाका भू-माफिया का अड्डा है और उनका अक्सर आना-जाना लगा रहता है। जब भी ये भू-माफिया और उनके लोग वहां आते थे, सचिन का कुत्ता उन पर भौंकता था, जिस पर बदमाश अक्सर गाली-गलौज करते थे। एक दिन पहले भी हुआ था झगड़ा, पुलिस में शिकायत भी की गई थी। बताया गया है कि घटना से एक दिन पहले भी जब आरोपी आए थे, तब कुत्ता उन पर भौंका था। उसी समय रामवरण ने अपने साथियों से कहा था कि अब भौंके तो इस कुत्ते को गोली मार देना। इस बात को लेकर भी तब झगड़ा हुआ था और सचिन के परिजनों ने कंपू थाने में शिकायत भी की थी।
इसके बावजूद, रविवार देर रात बदमाश दोबारा आए और सचिन को गोली मार दी।
पुलिस कार्रवाई में एक गिरफ्तार, दो फरार
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए उनके घरों पर दबिश दी, जिसके बाद एक आरोपी रिंकू को गिरफ्तार कर लिया गया है। हालांकि, मुख्य आरोपी रामवरण और कपिल राजपूत अभी भी फरार हैं।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास (आइपीसी धारा 307) का मामला दर्ज कर लिया है और फरार अन्य दो आरोपियों की तलाश में जुट गई है। उरढ ग्वालियर रोबिन जैन ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि यह मामला सिर्फ कुत्ते के भौंकने का नहीं, बल्कि जमीन के विवाद से जुड़ा हुआ है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse