एबीएन न्यूज नेटवर्क, जमशेदपुर। डीएवी पब्लिक स्कूल के छात्र आर्यन मिश्रा जेईई मेन में 99.99 परसेंटाइल अंक लाकर झारखंड टॉपर बने हैं। वहीं आर्यन को आल इंडिया में 40वीं रैंक मिली है। आर्यन जेईई एडवांस की तैयारी कर रहे हैं। आर्यन ने बताया कि वह वैज्ञानिक बनकर देश के लिए काम करना चाहते हैं। एबीएन ने आर्यन और उनके माता-पिता से खास बातचीत की।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने इस साल आयोजित जेईई मेन का फाइनल रिजल्ट घोषित कर दिया है। इस परीक्षा में जमशेदपुर का नाम एक बार फिर चर्चा में है। कदमा डिंडली एन्क्लेव में रहने वाले छात्र आर्यन मिश्रा को झारखंड टॉपर होने का गौरव प्राप्त हुआ है। वहीं देशभर में उनका 40वां रैंक है।
स्टेट टॉपर आर्यन मिश्रा ने 99।99 परसेंटाइल अंक हासिल किए हैं। आर्यन के पिता अखिलेश मिश्रा टाटा स्टील में आईबीएमडी विभाग के चीफ हैं, वहीं मां नीतू मिश्रा गृहिणी हैं। आर्यन के रिजल्ट पर उनके माता पिता काफी खुश हैं। परिवार वालों ने आर्यन को मिठाई खिलाकर आशीर्वाद दिया।
आर्यन वर्ष 2025 में सीबीएसई 10वीं बोर्ड परीक्षा में स्कूल के सेकेंड टॉपर रहे थे। एबीएन से बातचीत में आर्यन ने बताया कि उनका पूरा फोकस जेईई एडवांस की तैयारी पर है। यहां सफलता मिलने के बाद उनका लक्ष्य आईआईटी में दाखिला लेकर कंप्यूटर साइंस में बीटेक करना है। उनका सपना वैज्ञानिक बनने का है।
आर्यन का कहना है कि उन्होंने पढ़ाई को लेकर कभी खुद पर दबाव नहीं बनाया। वह मोबाइल से सवाल हल करते हैं, जबकि कॉमेडी सीरियल देखकर अपनी थकान मिटाते हैं। आर्यन ने छात्रों से कहा कि वह अपने समय का सदुपयोग करें, शिक्षक से जानकारी लें और बिना दबाव के पढ़ाई करें, सफलता जरूर मिलेगी।
आर्यन के माता-पिता अपने बेटे की सफलता से काफी खुश हैं। उनका कहना है कि जब माता-पिता को अपने बच्चों की सफलता से पहचान मिलती है तो उन्हें गर्व महसूस होता है। उन्होंने बताया कि आर्यन बचपन में शरारती था, उसे क्रिकेट और फुटबॉल खेलना पसंद था, लेकिन 10वीं क्लास में आने के बाद उसका ध्यान सिर्फ पढ़ाई पर ही रहा है।
वहीं आर्यन के स्टेट टॉपर बनने पर डीएवी स्कूल के शिक्षकों में खुशी की लहर है, उन्हें अपने स्कूल के छात्र आर्यन पर गर्व है। आर्यन बचपन से ही डीएवी स्कूल में पढ़ा है। उसके शिक्षक अमित आचार्य का कहना है कि आर्यन क्लास में सबसे अनुशासित छात्र था। वह अपनी पढ़ाई पर बहुत ध्यान देता था और कभी किसी को शिकायत का मौका नहीं देता था।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse