हिंदी साहित्य पर राष्ट्रीय विचार गोष्ठी पर बनी रणनीति

 

  • हिंदी साहित्य भारती, रांची इकाई की बैठक सम्पन्न, संगठन विस्तार एवं राष्ट्रीय विचार गोष्ठी की तैयारियों पर हुआ विचार-विमर्श 

टीम एबीएन, रांची। हिंदी भाषा और साहित्य के प्रचार-प्रसार के लिए समर्पित संस्था हिंदी साहित्य भारती की रांची इकाई की एक महत्वपूर्ण बैठक आज होटल सिटी पैलेस, लालपुर में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता इकाई के अध्यक्ष बलराम पाठक ने की, जबकि प्रदेश महामंत्री राकेश कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बैठक का संचालन संगठन महामंत्री अजय राय ने कुशलतापूर्वक किया। 

बैठक में संगठनात्मक मजबूती और आगामी कार्ययोजनाओं को लेकर विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर संगठन का विस्तार करते हुए नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई, जिसमें निम्नलिखित पदाधिकारियों को दायित्व सौंपे गये : 

  • अध्यक्ष : बलराम पाठक 
  • उपाध्यक्ष : राजेश कुमार, संजय सर्राफ, सुनीता पाठक 
  • संगठन महामंत्री : अजय राय 
  • महामंत्री : सुकुमार झा 
  • संयुक्त महामंत्री : पूजा शेखर शुक्ला, निशांत पाठक, अभय कुमार पांडेय 
  • कोषाध्यक्ष : त्रिपुरेश्वर नाथ मिश्र 
  • प्रेस प्रभारी : संजीव दत्ता 

कार्यक्रम में बोलते हुए मुख्य अतिथि राकेश कुमार ने कहा, हिंदी केवल एक भाषा नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक चेतना की आत्मा है। साहित्य भारती का कार्य केवल साहित्य तक सीमित नहीं, बल्कि यह एक सांस्कृतिक आंदोलन है जो जन-जन को जोड़ने का कार्य करता है। 

अध्यक्ष बलराम पाठक ने अपने उद्बोधन में कहा, रांची इकाई निरंतर साहित्यिक गतिविधियों में सक्रिय रही है। हमें गर्व है कि हमारी टीम हिंदी के प्रचार-प्रसार हेतु प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ रही है। 

संगठन महामंत्री अजय राय ने बैठक के दौरान कहा, हमारी आगामी योजना एक भव्य दो दिवसीय राष्ट्रीय विचार गोष्ठी सह कार्यशाला का आयोजन है, जिसमें देश-विदेश से विद्वानों एवं साहित्यकारों की भागीदारी सुनिश्चित की जायेगी। इसके लिए अलग-अलग समितियों का गठन किया जा रहा है। 

इस महत्वाकांक्षी आयोजन की तैयारियों को लेकर बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया। यह आयोजन न केवल साहित्यिक विमर्श को प्रोत्साहित करेगा, बल्कि हिंदी के अंतरराष्ट्रीय स्वरूप को भी सशक्त करने में सहायक सिद्ध होगा। इस बैठक में राजेश कुमार, संजय सर्राफ, सुकुमार झा, त्रिपुरेश्वर मिश्र, पूजा शेखर शुक्ला, श्री निशांत पाठक सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। 

हिंदी साहित्य भारती, रांची इकाई ने इस अवसर पर संकल्प लिया कि वह आने वाले समय में नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में साहित्यिक गोष्ठियों, कवि सम्मेलनों, लेखन कार्यशालाओं एवं भाषा जागरूकता अभियानों के माध्यम से हिंदी भाषा को समाज के सभी वर्गों तक पहुंचायेगी। 

इस बैठक ने यह स्पष्ट संकेत दिया कि रांची इकाई साहित्यिक गतिविधियों में नयी ऊर्जा के साथ कार्य करते हुए हिंदी को राष्ट्रभाषा के रूप में स्थापित करने के अभियान में अग्रणी भूमिका निभायेगी। उक्त जानकारी हिंदी साहित्य भारती, रांची इकाई के प्रेस प्रभारी संजीव दत्ता ने दी।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse