हजारीबाग : घर में सो रहे एक ही परिवार के तीन लोगों को हाथियों ने कुचला

 

हजारीबाग। जिले में हाथियों के हमले में 1 ही परिवार के 3 लोगों की मौत हो गई है। घटना केरेडारी थाना क्षेत्र के इतिज की है। बताया जा रहा है कि रविवार की देर रात 12 हाथियों का झुंड अनाज की तलाश में गांव में घुसा। इस दौरान ग्रामीणों को इसकी भनक नहीं लगी। हाथियों का झुंड रामवृक्ष राम और सिंह भुईयां के घर में घुस गया। वह अपने परिवार के साथ सो रहे थे। इस दौरान हाथियों ने उनकी पत्नी रोहणी देवी (40), पुत्र मुकेश कुमार (12), पुत्री सुंदरी कुमारी (10) को कुचल कर मार डाला। वहीं रामवृक्ष को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके अलावा 2 और लोग हमले में घायल हुए हैं। फिलहाल उनका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। हमले का शिकार हुआ परिवार मनातू गांव का रहने वाला है। यह ईंटा भट्‌ठा पर काम करने यहां आया था। बताया जाता है कि हाथियों ने पूरे घर को क्षतिग्रस्त कर दिया। गांव के लोग जब तक मौके पर पहुंचते झुंड घर को बर्बाद कर चुका था। गांव के लोगों ने मामले की सूचना स्थानीय पुलिस व वन विभाग को दी। जानकारी मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। 1 महिला और 2 बच्चों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद से गांव के लोगों में वन विभाग के रवैये को लेकर नाराजगी है। बताया जा रहा है कि पिछले 2 दिनों से आबादी वाले इलाके में हाथियों का झुंड घूम रहा है। इन्हें गांव से बाहर निकालने के लिए ग्रामीण अपने स्तर से प्रयत्न कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस काम में वन विभाग का पर्याप्त सहयोग नहीं मिल रहा है। गांव के लोगों ने बताया कि हमले के दौरान हाथियों के झुंड ने पूरे घर को चारों तरफ से घेर लिया था। हाथियों की चिघाड़ सुनने के बाद गांव के लोग घर के आसपास पहुंचे। तब तक हाथी परिवार व घर पर हमला कर चुके थे। हाथियों के जाने के बाद लोगों ने एक-एक कर कुल 3 शव घर से बरामद किए।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse