कोडरमा। जिले के विभिन्न जगहों पर जाली नोट चलाने की सूचना पर हुई कार्रवाई में 2 महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के अनुसार कोडरमा एसपी को सूचना मिली थी कि जयनगर थाना अंतर्गत पेठियाबागी बाजार एवं पिपचो बाजार में विभिन्न दुकानों में जाली नोट चलाने एवं ग्राहक सेवा केंद्र में जाली नोट को खाता में जमा करने के लिए मोटरसाइकिल और स्कूटी पर 3 पुरुष और 2 महिला आए हुए हैं। कोडरमा डीएसपी संजीव कुमार सिंह ने रविवार को प्रेस वार्ता कर बताया कि इस सूचना के आलोक में 17 दिसंबर को जयनगर थाना प्रभारी ने अन्य सहयोगियों के साथ छापामारी की और पिपचो बाजार से दो संदिग्ध महिला बबीता खलखो एवं रानी वर्मा तथा एक संदिग्ध पुरुष उदय कुमार वर्मा को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में पता चला कि रानी वर्मा उदय कुमार वर्मा की पत्नी है तथा बबीता खलखो जाली नोट हेराफेरी करने वाले गिरोह की सक्रिय सदस्य है। स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर पेठियाबागी बाजार स्थित आदित्य वर्मा के मोबाइल दुकान से 11500 का जाली नोट बरामद किया गया। वहीं इनके पास से एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, वोटर कार्ड सहित मोबाइल भी पाए गए। पकड़ी गई महिला रानी वर्मा के पास से 10 हजार का जाली नोट बरामद हुआ। रानी वर्मा एवं बबीता खलखो के बयान के आधार पर गिरिडीह जिला अंतर्गत बरारी थाना के बिरनी स्थित प्रवीण कुमार के घर से 31 सीट पाया गया, जिसमें 100 रुपये का नोट छपा हुआ है। पकड़ी गई रानी वर्मा एवं बबीता ने बताया कि बिहार के गया से जाली नोट प्राप्त किया जाता है। इन लोगों को एक बार में 10 हजार का जाली नोट दिया जाता है और जब यह लोग जाली नोट की खपत कर लेते हैं, तब उन्हें 10 हजार दिया जाता है। जाली नोट का मुख्य सरगना गिरिडीह का रहने वाला है। वहीं गिरफ्तार अभियुक्त रांची का है। इसी गिरोह के द्वारा गिरिडीह के कई थाना क्षेत्र में भी जाली नोट का खपत किया गया। डीएसपी श्री सिंह ने बताया कि इनके पास से 500 रुपये के 43 और 100 रुपये के 93 कुल 30800 रुपये के जाली नोट बरामद किए गए हैं। मामले को लेकर जयनगर थाना में भादवि की धारा 420/ 489 (बी), 489 (सी), 411, 120 (बी) और 34 के तहत कांड संख्या 269/21 दर्ज किया गया है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse