हमारी सरकार गरीबों की सरकार, हमारा लक्ष्य है एक भी नागरिक भूखा न रहे : डॉ रामेश्वर उरांव

 

गुमला। आपके अधिकार-आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत सदर प्रखंड के मुरकुंडा पंचायत में पंचायत स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल माननीय मंत्री वित्त, योजना एवं विकास विभाग, वाणिज्यकर तथा खाद्य सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग झारखंड सरकार डॉ रामेश्वर उरांव शिविर में उपस्थित ग्रामीणों की समस्याओं से अवगत होते हुए उसके त्वरित निष्पादन का आश्वासन दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय मंत्री रामेश्वर उरांव, उपायुक्त गुमला शिशिर कुमार सिन्हा, उप विकास आयुक्त कर्ण सत्यार्थी, सदर अनुमण्डल पदाधिकारी रवि आनन्द, अपर समाहर्त्ता सुधीर कुमार गुप्ता व अन्य पदाधिकारियों ने विधिवत दीप प्रज्जवलित कर किया। कार्यक्रम के संबोधन में माननीय मंत्री वित्त, योजना एवं विकास विभाग, वाणिज्यकर तथा खाद्य सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग झारखंड सरकार डॉ रामेश्वर उरांव ने कहा उपस्थित जनों को धन्यवाद देते हुए आपके अधिकार आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्यों को विस्तार से बताया। उन्होंने कहा पूर्व में आम नागरिकों को अपने कार्य कराने के लिए पदाधिकारियों के पास जाना पड़ता था, ये पहली बार हो रहा है कि सरकार, जिला प्रशासन, प्रखण्ड प्रशासन आपके द्वार, आपके पंचायत में आकर आपकी समस्या से अवगत होकर उसका त्वरित निष्पादन कर रहे है। केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न विकास एवं लोक कल्याणकारी योजनाओं की पूर्ण जानकारी देकर उसका लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने कहा वर्तमान सरकार 20.50 रुपए पर धान क्रय कर रही है। धान क्रय करने साथ ही 50 प्रतिशत धान अधिप्राप्ति की राशि का प्रथम दिन में ही भुगतान कर दिया जा रहा है। शेष राशि का 02-03 माह के अंदर भुगतान किया जाता है। माननीय मंत्री ने बताया किसानों को लागत मूल्य बाजार में नहीं मिल रहा था तब 70 के दशक में केन्द्र में कांग्रेस की सरकार ने न्यूनतम समर्थन मूल्य की धारणा को अपना कर किसानों को उचित मूल्य दिलाने का कार्य प्रारंभ किया। उन्होंने बताया वर्तमान वित्त वर्ष में धान अधिप्राप्ति की राशि के त्वरित भुगतान हेतु बैंक से 1522 करोड़ रुपए का ऋण लिया गया है। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों को धान लैम्पस/पैक्स में बिक्री करने को कहा। साथ ही बसिया से लैम्पस से 777 क्विंटल धान क्रय के पश्चात मिल में जमा नहीं करने के मामलें में लोगों को जागरूक होकर मिल तक पहुंचाने के लिए प्रेरित करने को कहा। उन्होंने फसल कटने के पश्चात् गाँवों में रोजगार की समस्या पर कहा, मनरेगा योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार देने का कार्य सरकार कर रही है। उन्होंने बताया पिछले वर्ष गुमला जिला में मनरेगा योजना में काफी अच्छा कार्य हुआ था। गांव व शहर दोनों क्षेत्र में हमारी सरकार रोजगार देने का कार्य कर रही है। माननीय मंत्री ने कहा, हमारी सरकार गरीब की सरकार है इसकों ध्यान में रखते हुए गरीबों की आवश्यकतानुसार अनाज, धोती, साड़ी, लुंगी, पेंशन इत्यादि का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने बताया सरकार अपने पैसा से 15 लाख लोगों को हरा कार्ड से जोड़ा गया है। उन्होंने कहा सरकार का लक्ष्य है राज्य में कोई भी नागरिक भूखा न रहे। साथ ही राशन कार्डधारी को सोना सोबरन धोती-साड़ी, लुंगी योजना के तहत् कपड़ा दिया जा रहा है। उन्होंने बताया राज्य में कार्डधारियों की संख्या लगभग 64 लाख होने जा रही है। वही विभिन्न पेंशन योजना के लगभग 03 लाख 65 हजार लाभुकों को लाभान्वित किया जा रहा है। माननीय मंत्री ने बताया सरकार का लक्ष्य है सर्वजन्य पेंशन योजना से 60 वर्ष से अधिक उम्र वाले सभी नागरिकों को जोड़ना है, जो सरकारी नौकरी न करता हो व आयकर न भरता हो। उन्होंने बताया सार्वभौमिक पेंशन योजना लागू करने वाला झारखण्ड प्रथम राज्य है। खाद, बीज के मामलें में उन्होंने कहा पूर्व में समय पर खाद, बीज नहीं मिल पा रहा है वर्तमान सरकार द्वारा मई माह में ही खाद, बीज का वितरण किया जा रहा है। खाद की कालाबाजारी को रोका गया तथा समय पर किसानों को दिया जा रहा है। उन्होंने कहा जाति, धर्म छोड़कर सरकारी विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं को नि:शुल्क साईकिल, पोशाक, पुस्तक, मध्याह्न भोजन मुहैया करा रही है। उन्होंने बताया हमारी सरकार 50 हजार तक के कुल 8500 किसानों का ऋण माफ किया। कार्यक्रम में उपायुक्त गुमला शिशिर कुमार सिन्हा ने ह्लआपके अधिकार-आपकी सरकार आपके द्वारह्व कार्यक्रम के उद्देश्यों को बताते हुए कहा, आप अपने अधिकार को पहचाने, क्या-क्या कार्यक्रम आपके लिए चलाई जा रही विभिन्न विकास एवं लोक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर उससे आप सबों को लाभान्वित करना मुख्य लक्ष्य है। पंचायत स्तरीय शिविर में उप विकास आयुक्त कण सत्यार्थी ने अपने संबोधन में कहा विगत 16 नवम्बर से आपके अधिकार-आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम चलाई जा रही है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों को योजनाओं की पूर्ण जानकारी देना है तथा उससे लाभान्वित करना है। कार्यक्रम में कुल 01 करोड़ 56 लाख 30 हजार 700 रुपए के परिसम्पत्ति का वितरण किया गया। आपके अधिकार-आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के मुख्य मंच से अतिथियों द्वारा कुल 01 करोड़ 56 लाख 30 हजार 700 रुपए की परिसम्पत्ति का वितरण किया गया। जिसमें जिला आपूर्ति विभाग द्वारा झारखण्ड राज्य खाद्य सुरक्षा योजनांतर्गत 50 लाभुकों के बीच ग्रीन राशन कार्ड व सोना सोबरन धोती-साड़ी वितरण योजनांतर्गत 50 लाभुकों को धोती-साड़ी का वितरण किया गया। वही प्रधानमंत्री उज्जवला योजनांतर्गत 05 लाभुकों के बीच गैस-चुल्हा का वितरण किया गया। श्रम विभाग द्वारा 06 मजदूरों/श्रमिकों को ई-श्रम कार्ड, 02 को मेधावी पुत्र/पुत्री छात्रवृति योजना, 02 को मातृत्व प्रसुविधा योजना, 02 को साईकिल सहायता योजना, 01 श्रमिक को औजार किट सहायता योजना, 02 श्रमिकों को सेफ्टी किट सहायता योजना से लाभान्वित किया गया। जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा 05 लाभुकों को मुख्यमंत्री लक्ष्मी लाडली योजना, 05 लाभुकों को सुकन्या योजना, 05 लाभुकों को मामृ वंदना योजना का लाभ दिया गया। कृषि विभाग द्वारा 10 लाभुकों के बीच बीज का वितरण, जेएसएलपीएस द्वारा सखी मंडलों के बीच लिफ्ट ऐरिगेशन सोलर, क्रेडिट लिंकेज, सीआईएफ, फूलों झानों आशिर्वाद योजना का लाभ दिया गया। केसीसी ऋण वितरण के तहत् 12 किसानों के बीच ऋण का वितरण। जिला ग्रामीण विकास विशेष अभिकरण गुमला द्वारा कुल 55 लाभुकों के बीच प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण स्वीकृति पत्र एवं 19 लाभुकों के पूर्ण आवासों का गृह प्रवेश, मनरेगा के तहत् 03 लाभुकों के बीच नया जॉब कार्ड निर्गत तथा 100 दिन कार्य करने पर 03 मनरेगा मजदूर को सम्मानित किया गया। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनांतर्गत 03 महिलाओं को मुख्यमंत्री राज्य निराश्रित महिला सम्मान पेंशन योजना स्वीकृति पत्र व 03 लाभुकों के बीच मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना स्वीकृति पत्र, जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा 04 लाभुकों का गोद भराई व 05 बच्चियों का अन्नप्राशन कराया गया। इसके अलावे कार्यक्रम में पीएमईजीपी लोन के तहत् 23 लाख 75 हजार रुपए का लोन दिया गया।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse