पलामू : सखी मंडल की महिलाओं का प्रमंडलीय एक्सपोजर व क्षमता संवर्धन शिविर-सह-महिला महासम्मेलन आयोजित

 

मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन, मंत्री सत्यानंद भोक्ता एवं मंत्री आलमगीर आलम रांची में आयोजित राज्यस्तरीय महिला महासम्मेलन से आनलाइन माध्यम से जुड़कर महिलाओं को किया संबोधित 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर, (पलामू)। सखी मंडल की महिलाओं का प्रमंडलीय एक्सपोजर व क्षमता संवर्धन शिविर-सह-महिला महासम्मेलन का आयोजन आज शिवाजी मैदान में किया गया। इस आयोजन में पलामू प्रमंडल के तीनों जिले यथा पलामू, गढ़वा एवं लातेहार जिले के सखी मंडल से जुड़ी करीब दस हजार से अधिक महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन, मंत्री सत्यानंद भोक्ता एवं मंत्री आलमगीर आलम सहित राज्यस्तरीय अन्य वरीय पदाधिकारी रांची में आयोजित राज्यस्तरीय महिला महासम्मेलन से आनलाइन माध्यम से जुड़कर महिलाओं को संबोधित किया। साथ ही प्रमंडल स्तर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारियों ने सखी मंडल की महिलाओं की आर्थिक समृद्धि, उत्थान, उनके बदलाव एवं राज्य के विकास में महिलाओं के योगदान पर प्रकाश डालते हुए महिलाओं का उत्साहवर्धन किया।  

सखी मंडल से महिलाओं में हो रहा बौद्धिक, आर्थिक और सामाजिक परिवर्तन : लातेहार विधायक 

लातेहार विधायक वैद्यनाथ राम ने कहा कि देश की आधी आबादी आगे आ रहीं हैं। सखी में से जुड़कर महिलाएं सबल बन रही हैं। महिलाओं में बौद्धिक, आर्थिक और सामाजिक परिवर्तन हुआ है। आत्मसम्मान में जागृति आई है। कल तक गृहिणी बनकर चौखट के अंदर तक रहने वाली महिलाओं में आज आत्मविश्वास बढ़ा है। 

उनका सामाजिक पहचान बनी है। महिलाएं स्वयं पर भरोसा करें। अपने आप को आगे लाकर समाज का उत्थान करें और अपने अंदर की क्षमता को और विकसित करें। उन्होंने कहा कि इच्छाशक्ति को बढ़ायें और अधिक-से-अधिक महिलाओं को सखी मंडल से जोड़कर मजबूती प्रदान करें। उन्होंने पूरे नारी समाज को सबल बनाने की दिशा मिलकर कार्य करने की अपील की।  

सखी मंडल से जुड़कर मजबूत हो रही हैं महिलाएं : मनिका विधायक 

मनिका विधायक रामचंद्र सिंह ने कहा कि सखी मंडल से जुड़कर महिलाएं मजबूत हो रही हैं। सरकार महिलाओं के लिए नई-नई योजनाएं लाकर उन्हें मजबूत करने का कार्य किया है। सखी मंडल से आज हजारों महिलाएं जुड़कर आत्मसम्मान की जीवन जी रही हैं। सखी मंडल की दीदियां विभिन्न उत्पादों का निर्माण भी कर रही हैं। इन उत्पादों को सरकार के स्तर से बाजार भी उपलब्ध कराया जा रहा है।  

सखी मंडल की दीदियों के संवर्धन, आर्थिक मजबूती के लिए बनेगा हॉल : विधायक 

पांकी विधायक कुशवाहा शशिभूषण मेहता ने कहा कि सखी मंडल से जुड़ने से महिलाओं में जागृति आई है। समूह से जुड़ने से महिलाओं का आत्मसम्मान बढ़ा है। उन्होंने सखी मंडल की दीदियों के संवर्धन, आर्थिक मजबूती के लिए पांकी विधानसभा क्षेत्र में क्लस्टर स्तर पर हॉल बनाने की घोषणा की, ताकि दीदियों को बैठक करने में सहुलियत हो। साथ ही पांकी विधानसभा क्षेत्र के समूह की करीब पांच हजार से अधिक दीदियों को बैठने हेतु दरी एवं बक्शा उपलब्ध कराने की बातें कही।

लखपति गांव बनाने की दिशा में हो रहा कार्य : उपायुक्त शशि रंजन 

उपायुक्त शशि रंजन ने कहा कि प्रमंडलीय महासम्मेलन में तीनों जिले यथा पलामू, गढ़वा और लातेहार की 10 हजार से ज्यादा दीदियां भाग ले रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रमंडल में चार लाख 50 हजार से ज्यादा महिलाएं जुड़ चुकी हैं। सखी मंडल से जुड़कर महिलाएं जागरूक हो चुकी हैं और  अपने जीवन में परिवर्तन लाने के लिए तत्पर हैं।  उन्होंने कहा कि पलामू प्रमंडल में 40441 सखी मंडलों का गठन हुआ है। 39087 सखी मंगल को चक्रीय निधि की राशि एवं 38855 सखी मंडल को सामुदायिक निवेश की राशि दी जा चुकी है। साथ में बैंक क्रेडिट सपोर्ट 36179 सखी मंडलों को दिया जा चुका है। 

उपायुक्त ने कहा कि फूलों-झानों आशीर्वाद अभियान के तहत सखी मंडल की दीदी सम्मानजनक आजीविका से जुड़ी हैं। कृषि और गैर कृषि आजीविका गतिविधि से 23473 से ज्यादा लखपति दीदी बनकर अपने घर रोशन कर रही हैं।  उन्होंने कहा कि अब लखपति दीदी गांव बनाने की दिशा में कार्य हो रहा है। उपायुक्त ने स्वयं सहायता समूह से जुड़कर महिलाओं की उत्पादों का निर्माण एवं बिक्री की दिशा में हो रहे कार्यों सहित उनके अन्य कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। 

कार्यक्रम के प्रारंभ में राज्य कार्यक्रम प्रबंधक (नन फॉर्म) नीतीश कुमार सिन्हा ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि जेएसएलपीएस के प्रयास से गांवों की तस्वीर बदल रही है। महिलाओं प्रगति की नई इबारत लिख रहीं हैं।  

महिलाओं ने साझा की बदलाव की कहानी 

प्रमंडल स्तरीय महिला महासम्मेलन में कार्यक्रम के दौरान लातेहार की माया देवी ने अपने जीवन में आए बदलाव की कहानी व्यक्त की। इसी तरह पलामू के अंशु कुमारी और गढ़वा के दीप शिखा देवी ने भी बदलाव की कहानी व्यक्त की।  

उत्कृष्ट कार्य के लिए किया गया सम्मानित 

कार्यक्रम में सखी मंडल की महिलाओं को उत्कृष्ट कार्य करने पर अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। सर्वश्रेष्ठ सखी मंडल के रूप में सीमा सखी मंडल चैनपुर पलामू एवं  साकेत सखी मंडल भंडारिया को सम्मानित किया गया। सर्वश्रेष्ठ ग्राम संगठन के रूप में हरियाली ग्राम संगठन सतबरवा पलामू एवं पताशा ग्राम संगठन गढ़वा को सम्मानित किया गया। वहीं सर्वश्रेष्ठ संकुल संगठन के रूप में धावाड़ीह संकुल संगठन सतबरवा, पलामू एवं कल्याणपुर संकुल संगठन, गढ़वा को सम्मानित किया गया। 

परिसंपत्तियों का हुआ वितरण 

कार्यक्रम में सांकेतिक रूप से लाभुकों को डमी चेक प्रदान किया गया। चक्रीय/सामुदायिक निधि से लातेहार के सुनीता देवी, पलामू के लालती देवी और गढ़वा की पूनम देवी को लाभान्वित किया गया। पलामू के रिंकी देवी लातेहार की मीना देवी और गढ़वा की शबाना खातून को बैंक लिंकेज से जोड़ा गया। वहीं फूलों झानो आशीर्वाद अभियान के तहत नीलांबर-पीतांबरपुर (लेस्लीगंज) की किरण देवी एवं बबली कुमारी को लाभान्वित किया गया।  

नियुक्ति पत्र मिला 

कार्यक्रम में दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना के अंतर्गत छतरपुर की पुष्पा कुमारी, बेबी कुमारी, नेहा कुमारी एवं शोभा कुमारी और चैनपुर के मधु कुमारी को नियुक्ति पत्र दिया गया। साथ ही बेहतर कार्य करने वाली दीदियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।  

स्टॉल पर प्रदर्शनी 

जेएसएलपीएस की ओर से शिवाजी मैदान में स्टॉल लगाए गए थे। इसमें पलाश, आजीविका संवर्धन, वित्तीय समावेशन एवं जेएसएलपीएस द्वारा निर्मित वस्तुओं की प्रदर्शनी एवं बिक्री हेतु रखा गया था।  

ये रहे उपस्थित 

पलामू में आयोजित ह्यसखी मंडल की महिलाओं का प्रमंडलीय एक्सपोजर व क्षमता संवर्धन शिविर-सह-महिला महासम्मेलन में लातेहार विधायक वैद्यनाथ राम, मनिका विधायक रामचंद्र सिंह, पांकी विधायक कुशवाहा शशिभूषण मेहता, छतरपुर विधायक पुष्पा देवी, पलामू उपायुक्त शशि रंजन, उप विकास आयुक्त रवि आनंद, लातेहार के उप विकास आयुक्त सुरजीत कुमार सिंह, झारखंड लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) के राज्य कार्यक्रम प्रबंधक (नन फॉर्म) नीतीश कुमार सिन्हा, राज्य परियोजना समन्वयक (जोहार) संजय दास, पलामू की डीपीएम शांति मांर्डी, लातेहार डीपीएम संतोष कुमार, गढ़वा डीपीएम सुशील दास, जिला प्रबंधक (वित्त) इमरान अहमद, एसएमआईबी अख्तर अंसारी, जिला प्रबंधक (जॉब एंड स्टील) नवल किशोर राजू, डीएमएफआई विकास खलखो, कुमार कविश एवं जोश लकड़ा सहित पलामू प्रमंडल क्षेत्र के पलामू, गढ़वा एवं लातेहार जिले के जेएसएलपीएस कर्मी एवं बड़ी संख्या में सखी मंडल की महिलाएं उपस्थित थीं।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse