टीम एबीएन, रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने शनिवार को लगभग हर साल सुखाड़ झेलने वाले पलामू जिले को पलामू पाईपलाइन सिंचाई योजना की सौगात दी। 456.6 करोड़ रुपये की सिंचाई योजना का शिलान्यास करने के बाद चंपाई सोरेन ने ऐलान किया कि झारखंड को आदर्श झारखंड बनायेंगे। शहर और गांव की दूरी मिटा देंगे।
वर्ष 2027 तक झारखंड में सबके पास अपना पक्का मकान होगा। उन्होंने झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष और सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की उपलब्धियां और उनकी दूरदर्शिता के बारे में भी बात की।
मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने कहा कि डेढ़-दो साल में पलामू पाईपलाइन सिंचाई योजना पूरी हो जायेगी। इसके बाद पलामू के खेतों को 12 महीने तक पानी मिलने लगेगा।
इसके साथ ही पलामू में सुखाड़ की समस्या खत्म हो जायेगी। हमारी सरकार पलामू में हर खेत तक पाईपलाइन से पानी पहुंचायेगी। इसके बाद पलामू भी हरा-भरा रहेगा। पलामू के किसानों को कभी सुखाड़ की समस्या नहीं झेलनी होगी।
हेमंत सोरेन की जगह मुख्यमंत्री की कमान संभालने वाले चंपाई सोरेन ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड के युवा सम्राट हेमंत सोरेन ने गांव और शहर की दूरी मिटाने का सपना देखा था। उनके सपने को यह सरकार जरूरी पूरा करेगी।
चंपाई सोरेन ने कहा कि झारखंड में अब किसी को पैदल नहीं चलना पड़ेगा। गांव के लोगों को शहर जाने और वहां से घर लौटने में दिक्कत न हो, इसके लिए हेमंत सोरेन ने मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी योजना लेकर आये थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार इस योजना को शुरू करेगी। मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी योजना के शुरू हो जाने के बाद गांव के लोग मुफ्त में बस से शहर तक जा सकेंगे।
पेंशनभोगी बुजुर्ग हों या स्कूल-कॉलेज जाने वाले बच्चे, किसी को बस में किराया नहीं देना होगा। नि:शक्त हों या गरीब परिवार के लोग, सभी मुफ्त में इस बस में यात्रा कर सकेंगे।
झारखंड में सबका होगा अपना पक्का मकान
झारखंड के मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2027 तक झारखंड में सबका अपना पक्का मकान होगा।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री आवास देने से इंकार कर दिया, तो हेमंत सोरेन ने अपने दम पर लोगों को पक्का मकान देने का फैसला किया। इसके लिए अबुआ आवास योजना लेकर आये।
20 लाख लोगों को देंगे अबुआ आवास
चंपाई सोरेन ने कहा कि हमारी सरकार ने झारखंड के 20 लाख परिवारों को अबुआ आवास देने का फैसला किया है। प्रधानमंत्री आवास दो कमरे का है।
हमारी सरकार ने अबुआ आवास योजना के तहत तीन कमरे का पक्का मकान देने का फैसला किया है। चंपाई सोरेन ने हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के लिए केंद्र सरकार और ईडी पर बार-बार सवाल उठाये।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse