टीम एबीएन, रांची। एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल, पुंदाग में प्राथमिक कक्षा के नन्हें - मुन्ने बच्चों ने दुर्गोत्सव के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करके समा बांध दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित करके किया गया, तत्पश्चात कक्षा पंचम की एक नृत्यांगना ने गणेश वंदना प्रस्तुत की।
छोटी - छोटी बालिकाओं ने शक्ति के नौ रूप धारण करके सबको भक्ति रस में सराबोर कर दिया। डांस इंडिया डांस रियलिटी शो के प्रतिभागी रह चुके प्रथम कक्षा के छात्र सुशांत देव का शिव तांडव आकर्षण का केंद्र रहा।
एकादश की आकांक्षा ने शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुति दी। एलकेजी, यूकेजी, कक्षा प्रथम तथा द्वितीय के विद्यार्थियों ने नृत्य नाटिका के माध्यम से महिषासुर वध के प्रसंग की मोहक प्रस्तुति दी।
उन्होंने बंगाल के दुर्गा पूजा को गुजरात के नवरात्रि महोत्सव से मिलाते हुए डांडिया प्रस्तुत करके भारत के अनेकता में एकता का मिसाल प्रस्तुत किया। इस अवसर पर कक्षा नवम से द्वादश तक के विद्यार्थियों ने सुंदर रंगोली भी बनायी।
प्राचार्य एस के मिश्र ने इइडीपी विभाग की शिक्षिकाओं के इस सफल प्रयास की भूरि - भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि सांस्कृतिक सद्भावना ही भारत की पहचान है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा अभिभावकों को नवरात्रि तथा दुर्गोत्सव की शुभकामनाएं दीं।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse