एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। वनडे विश्व कप 2023 के लिए भारतीय टीम का एलान हो चुका है। मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर और भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विश्व कप टीम का एलान किया।
आईसीसी के नियम के अनुसार 27 सितंबर तक टीमों में बदलाव किया जा सकता है, लेकिन अजीत अगरकर ने साफ किया कि अगर कोई खिलाड़ी चोटिल नहीं होता है तो विश्व कप टीम में कोई बदलाव नहीं किया जायेगा।
2023 विश्व कप के लिए चुनी गई भारतीय टीम की औसत उम्र अब तक हुए हर वनडे विश्व कप की टीम से ज्यादा है। इससे पहले भारत की सबसे उम्रदराज टीम 2019 विश्व कप में थी और इस टीम को सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा था।
हालांकि, भारत के लिए सकारात्मक बात यह है कि 1983 और 2011 में में विश्व कप जीतने वाली टीमें अपने समय की सबसे उम्रदराज भारतीय विश्व कप टीमें थीं।
छह सितंबर को भारतीय टीम की औसत उम्र 30 साल 339 दिन है। विश्व कप की शुरुआत पांच अक्तूबर से हो रही है। ऐसे में विश्व कप शुरू होने तक भारतीय टीम की औसत उम्र 31 साल होगी।
वनडे विश्व कप के इतिहास में यह भारत की सबसे बुजर्ग टीम है। इससे पहले सबसे बुजुर्ग टीम 2019 विश्व कप में थी। कोहली की कप्तानी वाली टीम की औसत उम्र 29.53 साल थी।
वनडे विश्व कप के इतिहास में भारत की सबसे युवा टीम 1992 विश्व कप में थी। अजहरुद्दीन की कप्तानी वाली टीम की औसत उम्र 25.4 साल थी। मौजूदा टीम में सात खिलाड़ी ऐसे हैं, जिनकी उम्र 30 साल से ज्यादा है।
हालांकि, सिर्फ तीन खिलाड़ी ही ऐसे हैं, जिन्होंने 100 से ज्यादा वनडे मैच खेले हैं। इस टीम में पांच खिलाड़ी ऐसे भी हैं, जिनके पास 50 वनडे का भी अनुभव नहीं है। 23 साल के शुभमन गिल टीम के सबसे युवा खिलाड़ी हैं।
वहीं, 36 साल के रोहित शर्मा सबसे उम्रदराज खिलाड़ी हैं। 28 साल के कुलदीप टीम के तीसरे सबसे युवा खिलाड़ी हैं, लेकिन अनुभव के मामले में भी वह चौथे नंबर पर हैं। सबसे कम अनुभव ईशान किशन के पास है, उन्होंने सिर्फ 19 वनडे खेले हैं।
277 वनडे के साथ विराट कोहली सबसे अनुभवी खिलाड़ी हैं। 32 साल के सूर्यकुमार के पास सिर्फ 26 वनडे का अनुभव है, जबकि 23 साल के गिल 29 वनडे खेल चुके हैं।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse