टीम एबीएन, रांची। राज्य सरकार ने शुक्रवार को पदस्थापन की प्रतीक्षा कर रहे दो आईएएस अधिकारियों समेत 3 की पोस्टिंग की है। एटीआई के निदेशक रहे मुकेश कुमार को वित्त विभाग में निदेशक अंकेक्षण बनाया गया है।
इसके अलावा उन्हें निदेशक लेखा एवं पेंशन का भी अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं पपदस्थापन की प्रतीक्षा कर रहे हैं के श्रीनिवासन को एटीआई का नया निदेशक बनाया गया है।
इनके अलावा प्रतीक्षारत शशि रंजन को झारखंड औद्योगिक विकास प्राधिकार जियाडा का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। इसके अलावा उन्हें मुख्यमंत्री लघु कुटीर एवं उद्यम विकास बोर्ड के कार्यपालक पदाधिकारी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
बताते चलें कि शशि रंजन गुमला और पलामू जैसे जिलों के उपायुक्त रह चुके हैं। पिछले डेढ़ सालों से वह रांची नगर निगम में आयुक्त के पद पर कार्यरत थे। अब उन्हें नई जिम्मेवारी के रूप में जियाडा का प्रबंध निदेशक बनाया गया है।
भोर सिंह यादव को नहीं मिली पोस्टिंग
बताते चलें कि 21 अगस्त को राज्य सरकार ने 13 आईएएस अधिकारियों की पोस्टिंग की थी। इनमें एक भोर सिंह यादव भी थे।
लातेहार के डीसी रहे भोर सिंह यादव पिछले 27 दिनों से पदस्थापन की प्रतीक्षा में थे । राज्य सरकार ने उन्हें 21 अगस्त को वाणिज्य कर विभाग का आयुक्त बनाया था। 24 अगस्त को उन्होंने वाणिज्य कर आयुक्त के पद पर योगदान भी कर दिया था।
परंतु 24 अगस्त की शाम में ही 21 अगस्त के आदेश को कार्मिक विभाग ने विलोपित कर दिया और उन्हें पुनः कार्मिक में योगदान करने का निर्देश दिया। इधर शुक्रवार को तीन आईएएस अधिकारियों की पोस्टिंग की गयी है। इनमें भोर सिंह यादव का नाम शामिल नहीं है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse