एबीएन न्यूज नेटवर्क, लातेहार। जिले के बरियातू थाना क्षेत्र अंतर्गत बालूमाथ बरियातू मुख्य पथ पर शुक्रवार की रात गंभीर अवस्था में 2 लोग मिले। पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया लेकिन चिकित्सकों ने जांच के दौरान एक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे को बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया।
मृतक की पहचान अजय उरांव के रूप में हुई जबकि घायल शख्स का नाम उपेंद्र उरांव है। दोनों बरियातू थाना के हिसरी गांव के रहने वाले हैं। प्रथम दृष्टया यह घटना सड़क दुर्घटना के रूप में देखी जा रही है।
हिसरी गांव निवासी अजय उरांव और उपेंद्र उरांव अपने घर से मोटरसाइकिल पर सवार होकर किसी काम के लिए बालूमाथ जाने के लिए निकले थे। इसी बीच शुक्रवार की रात बालूमाथ बरियातू मुख्य पथ के किनारे दोनों को गंभीर अवस्था में पड़ा हुआ देखकर कुछ लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंची और दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से बालूमाथ अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के दौरान अजय उरांव को मृत घोषित कर दिया। वहीं उपेंद्र उरांव को प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया।
इस संबंध में चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर ध्रुव कुमार ने बताया कि पुलिस के द्वारा अस्पताल में घायल अवस्था में दो लोगों को लाया गया था। इनमें एक की मौत हो गयी है जबकि दूसरे की स्थिति अत्यंत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse