उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के औचक निरीक्षण से पदाधिकारियों में खौफ

 

  • बहरागोड़ा सीएसची में अनुपस्थित पाये गये 6 चिकित्सकों को शो कॉज का निर्देश
  • आम जनता को मिले बेहतर स्वास्थ्य सुविधा, प्रखंड व अंचल कार्यालय तथा थाना में हो त्वरित समस्याओं का समाधान :  उपायुक्त

टीम एबीएन, जमशेदपुर। प्रखंड क्षेत्र भ्रमण के क्रम में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा बहारागोड़ा में सामुदायिक अस्पताल, प्रखंड कार्यालय बहरागोड़ा व थाना तथा घाटशिला में अनुमंडल अस्पताल, ट्रॉमा सेंटर, कुपोषण उपचार केन्द्र का औचक निरीक्षण किया गया। 

सर्वप्रथम बहरागोड़ा में सामुदायिक अस्पताल पहुंचे उपायुक्त ने अस्पताल परिसर में बने नालियों को स्लैब से ढकने तथा सीढ़ियों पर रेलिंग बनाने के निर्देश दिए ताकि मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। उन्होने अस्पताल के सभी वार्ड में घूम-घूम कर मरीजों एवं तीमारदारों से उन्हें दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली, चिकित्सक नियमित जांच के लिए आते हैं या नहीं यह भी पूछा। दवा का स्टॉक, प्रतिनियुक्त मानव बल (चिकित्सक व पारा मेडिकल स्टाफ), एंबुलेंस, स्टाफ क्वार्टर के रखरखाव की भी जानकारी ली। 

मौके पर मौजूद चिकित्सक डॉ ऋतुराज से उन्होने अन्य चिकित्सकों की उपस्थिति की जानकारी ली तो क्वार्टर में होने की बात बतायी गयी, उपायुक्त ने क्वार्टर पहुंचकर देखा तो ताला बंद पाया गया। बिना अनुमति के ड्यूटी से गायब पाये जाने पर डॉ उत्पल मुर्मू, डॉ गोपीनाथ महली, डॉ नेहा कुमारी, डॉ संगीता केरकेट्टा, डॉ सुपर्णा नायक, डॉ अर्चना सिन्हा को शो कॉज का निर्देश सिविल सर्जन को दिया गया। वहीं एक अन्य चिकित्सक के श्रावणी मेला में प्रतिनियुक्ति की बात बतायी गयी।

सीएसची के निरीक्षण पश्चात जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त ने प्रखंड सह अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया व नवनिर्मित बीडीओ एवं सीओ आवास के निर्माण कार्य की गुणवत्ता को देखा। निर्माण कार्य अधूरा रहने पर विशेष कार्य प्रमंडल के अभियंता से कारण पृच्छा की गयी। मानक के अनुरूप निर्माण सामग्री का उपयोग नहीं पाये जाने पर भी अप्रसन्नता जतायी। वहीं प्रखंड मुख्यालय परिसर के खाली स्थानों पर पौधारपोण का निदेश प्रखंड विकास पदाधिकारी को दिया गया। साथ ही परिसर को साफ-सुथरा रखने एवं आम जनता की समस्याओं पर समयबद्ध कार्रवाई की बात कही गयी।

जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त द्वारा बहरागोड़ा थाना में हाजत, थाना परिसर का निरीक्षण किया गया। डकैती, रंगदारी, मर्डर, एससी एसटी एक्ट से जुड़े मामले या अन्य मामलों की जानकारी ली। उन्होंने एसडीपीओ एवं थाना प्रभारी से थाना क्षेत्र में विधि व्यवस्था की समीक्षा की तथा विधि व्यवस्था के संधारण में किसी तरह की समस्या तो नहीं है इसकी भी जानकारी ली।

बहरागोड़ा प्रखंड में निरीक्षण के पश्चात जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त ने घाटशिला अनुमंडल अस्पताल का निरीक्षण किया । ट्रॉमा सेंटर के क्रियाशील नहीं पाये जाने पर यथोचित कार्रवाई किये जाने की बात कही, जिससे लोगों को इसका लाभ मिल सके। मरीजों से बात कर उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सीय सुविधाओं से वे संतुष्ट हैं या नहीं यह जाना, दवा का स्टॉक, डॉक्टर व पारामेडिकल स्टाफ की उपलब्धता की जानकारी ली। 

अस्पताल परिसर में ही संचालित कुपोषण उपचार केन्द्र का निरीक्षण कर माताओं से सुविधाओं की जानकारी ली, कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य में क्या सुधार हो रहा चिक्त्सकों से पूछा, पोषाहार समय पर मिलता है या नहीं इसकी भी जानकारी ली तथा मेन्यू को देखा। कुपोषित बच्चे अस्पताल में जन्म लिए या घर पर यही भी जाना। उन्होंने सिर्फ संस्थागत प्रसव के लिए आम जनता को प्रेरित करने का निदेश चिकित्सकों एवं अन्य पदाधिकारियों को दिया ताकि जच्चा-बच्चा के स्वास्थ्य की समुचित निगरानी की जा सके।

निरीक्षण के क्रम में मौके पर डीसीएलआर सह नजारत उपसमाहर्ता रविन्द्र गागराई, एसडीओ घाटशिला सत्यवीर रजक, जिला योजना पदाधिकारी सह गोपनीय प्रभारी अरूण द्विवेदी, बीडीओ बहरागोड़ा राजेश कुमार साहू, सीओ जीतराय मुर्मू, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार, सीओ घाटशिला राजीव कुमार, बीडीओ कुमार एस अभिनव, डीएसई निशु कुमारी व अन्य मौजूद रहे।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse