स्वर्णरेखा के प्रति लोग जागरूक बनें, इसी उद्देश्य से 13 को कांवर यात्रा

 

  • सुबह 7 बजे से शुरू होगी यात्रा, चार जगहों पर विश्रामस्थल
  • शिव जी भी पैदल चलेंगे कांवर यात्रा में

टीम एबीएन, रांची। झारखंड की लाइफलाइन कही जाने वाली स्वर्णरेखा नदी में बढ़ते प्रदुषण और चुटिया स्थित प्राचीन धरोहर इक्कीसो महादेव को बचने के उद्देश्य से स्वर्णरेखा उत्थान समिति के द्वारा आगामी 13 अगस्त को स्वर्णरेखा के उद्गम स्थल रानी चुआं से लेकर इक्कीसो महादेव तक की 21 किलोमीटर की पैदल कांवर यात्रा का आयोजन किया जा रहा है।

ज्ञात हो कि रांची के नगड़ी से निकलकर सीधे बंगाल की खाड़ी में मिलने वाली 474 किलोमीटर स्वर्णरेखा आज रांची की नालियों और शहरीकरण के कारण सर्वाधिक प्रदूषित है। रांची के चुटिया स्थित हरमू नदी का गंदा पानी स्वर्णरेखा में मिलने से स्वर्णरेखा भी काली पड़ती जा रही है। स्वर्णरेखा के तटों पर आज कचरों और जल्कुंभियों की भरमार है।

इन्हीं दोनों नदियों के संगम पर स्थित नागवंशी कालीन 21 शिवलिंग (इक्कीसो महादेव) भी आज प्रदुषण के कारण विस्मृत होने की कगार पर है। स्वर्णरेखा उत्थान समिति विगत 7 वर्षों से नदी की सफाई अभियान में जुटी है। लोग स्वर्णरेखा नदी और अपने विस्मृत होते धरोहर के प्रति संवेदनशील बनें, इन्हीं उद्देश्यों को लेकर इस कांवर यात्रा का आयोजन किया गया है। इस यात्रा में कांवरिये लोगों और सरकार से स्वर्णरेखा और इक्कीसो महादेव को बचाने की अपील करेंगे। 

कांवर यात्रा का 4 स्थानों में होगा पड़ाव

21 किलोमीटर की उक्त कांवर यात्रा में चार स्थानों पर विश्रामस्थल बनाये गये हैं। जिसमें, कांवर रखने का स्टैंड पीने का पानी, शरबत, मेडिकल की व्यवस्था और आराम करने के किये टेंट की व्यवस्था रहेगी।

पहला पड़ाव नगड़ी स्थित स्वर्णरेखा बैंक्वेट हॉल, दूसरा कटहल मोड़ पर, तीसरा अरगोडा चौक स्थित मंडा मंदिर और अंतिम पड़ाव क्लब रोड स्थित सिटी सेंटर में किया गया है।

यात्रा के साथ बस और एम्बुलेंस भी साथ चलेगी

इस यात्रा के साथ साथ बस और एंबुलेंस भी साथ में चलेगी, जिन कांवरिये को पैदल चलने में परेशानी होगी, वो बस का प्रयोग कर सकेंगे। साथ ही पूरी यात्रा में कांवरियों की सहायता के लिए एंबुलेंस और पारा मेडिकल स्टाफ भी मौजूद रहेंगे। पूरी यात्रा में जगह जगह पर कांवरियों का स्वागत किया जायेगा, विभिन्न महावीर मंडलों और पूजा समिति के सदस्य यात्रा के दौरान कांवरियों के लिए सेवा शिविर लगायेंगे।

प्रात: 6 बजे बसों के माध्यम से रानीचुआं जायेंगे कांवरिये 

कांवर यात्रा में सम्मिलित होने के लिए रांची के चुटिया स्थित महादेव मंडा मंदिर और पिस्का मोड़ से सुबह 6 बजे बस खुलेगी, प्रात: 7 बजे रानीचुआं में कांवरिये चुआं से जल भरकर संकल्प लेकर यात्रा की शुरुआत करेंगे। अपराहन 3 बजे चुटिया स्थित इक्कीसो महादेव में नागवंशीकालीन शिवलिंगों पर जलाभिषेक और सामूहिक आरती की जायेगी। 4 बजे महाप्रसाद का वितरण किया जायेगा। 

समिति ने लोगों से आग्रह किया है कि वो अपना कांवर और जलपात्र लेकर आयें। उक्त कांवर यात्रा में एक कांवरिया शिव जी के वेश में कांवरियों के साथ साथ चलेंगे और लोगों से नदी को स्वच्छ रखने और इक्कीसो महादेव के संरक्षण के प्रति जागरूक करेंगे।

सोशल मीडिया को बनाया हथियार, नदी की सफाई के प्रति कर रहे जागरूक

ज्ञात हो कि स्वर्णरेखा उत्थान समिति के बैनर तले स्वर्णरेखा की सफाई का यह अभियान लोगों ने वर्ष 2016 में शुरू किया था, समिति के सदस्यों ने कई महीनों तक श्रमदान कर घाट और नदी की सफाई की। लेकिन सबसे स्वर्णरेखा के प्रदूषण का प्रमुख कारण हरमू नदी के द्वारा हर दिन बहकर कचरा है। हरमू नदी चुटिया के इसी इक्कीसो महादेव में आकर मिलती है। हरमू का काला पानी और प्लास्टिक जैसे कचरे से स्वर्णरेखा भी काली होती जा रही है।

इस अभियान की शुरुआत करने वाले पत्रकार सुधीर शर्मा ने बताया कि जबतक हरमू नदी के गंदे पानी को स्वर्णरेखा में मिलने से नहीं रोका गया तबतक स्वर्णरेखा की सफाई नहीं की जा सकती। हरमू नदी के जीणोर्धार के तहत बनाये गये फिल्टर प्लांट आजतक चालू नहीं किये जा सके, शहर भर की नालियों को नदी से सीधे जोड़ दिया गया, अगर इसे तत्काल नहीं रोका गया तो आने वाले दिनों में स्वर्णरेखा भी हरमू के रूप में नाला बन चुकी होगी। सुधीर लगातार सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को जागरूक कर रहे हैं, वो हर दिन नदी की वर्तमान दशा को अपने विडियो और फोटो के माध्यम से लोगों तक पहुंचाते हैं। उनकी रानी चुआं और इक्कीसो महादेव के विडियो को अबतक 11 लाख से अधिक लोगों ने देखा है।

समिति से जुड़े गौतम देब, मनोज महतो, नंदकिशोर एवं कई सदस्यों ने नदी के किनारे कई फलदार पेड़ लगाये हैं, वो हर दिन पेड़ों को पानी, खाद और सुरक्षा की व्यवस्था करते हैं। गौतम बताते हैं कि एक समय में यहां केवल झाड़ियां ही थी, आज हमलोगों ने न केवल सैकड़ों पेड़ लगाये हैं बल्कि इसकी सुरक्षा भी सुनिश्चित की है।

शुक्रवार को समिति के सदस्यों की हुई बैठक में यात्रा को सफल बनाने और यात्रा के बाद इस अभियान को घर घर तक ले जाने पर भी चर्चा हुई। 

बैठक में विकास जयसवाल, दीपेश पाठक, रवि राय, विष्णु वर्मा, पिया बर्मन, गौतम देब, मनोज महतो, नंदकिशोर, वीणा सिंह, ममता देवी, नीलू सिंह, रंजीता पाण्डेय, रुना देवी, कलावती देवी, मीरा सिंह एवं अन्य सदस्य मौजूद थे। यात्रा में सम्मिलित होने और जानकारी के लिए 7033559577, 9304619908, 9031759056 पर संपर्क किया जा सकता है।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse