मसालों ने बिगाड़ा मध्यम परिवार के भोजन का स्वाद

 

  • मसालों पर महंगाई की मार, गड़बड़ाया रसोई का बजट

एबीएन सोशल डेस्क। जनता पर महंगाई का बोझ कम होने का नाम नहीं ले रहा है। हरी सब्जियों की कीमतों में गिरावट शुरू भी नहीं हुई थी कि इससे पहले ही मसाले भी महंगे हो गये। इनकी कीमत में भी कई गुना अधिक बढ़ौतरी दर्ज की गयी है। इससे आम जनता के किचन का बजट बिगड़ता ही जा रहा है। 

खास बात यह है कि मसालों में सबसे अधिक महंगा जीरा हुआ है। इसकी कीमत में कई गुना बढ़ौतरी दर्ज की गयी है। इससे गरीब आदमी के लिए दाल में जीरे का तड़का लगाना मुश्किल हो गया है। वहीं, व्यापारियों और दुकानदारों का कहना है कि आने वाले दिनों में मसाले और महंगे हो सकते हैं।

हालांकि, जीरे के साथ-साथ मेथी, बड़ी इलायची, मिर्च, हल्दी और धनिया भी बहुत अधिक महंगे हो गये हैं। कुछ महीने पहले तक मार्केट में जीरे का रेट 200 रुपये किलो था। अब इसकी कीमत 700 रुपये किलो के पार पहुंच गयी है। उत्तर प्रदेश के बहराइच में एक किलो जीरे की कीमत 700 से 720 रुपए हो गयी है। वहीं, दुकानदारों का कहना है कि आने वाले दिनों में जीरा और ज्यादा महंगा हो सकता है। इसकी नयी फसल आने के बाद ही कीमतों में गिरावट आ सकती है।

13 साल की ऊंचाई पर पहुंची हल्दी

इसी तरह हल्दी भी बहुत महंगी हो गई है। इसकी कीमत 13 साल की ऊंचाई पर पहुंच गयी है। खास बात यह है कि एक महीने के अंदर हल्दी की कीमत में 42 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गयी है। वहीं, तीन महीने के अंदर इसकी कीमत में 76 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी हुई है। 

महाराष्ट्र के हिंगोली स्थित कुरुंदा मार्कीट में हल्दी 12 हजार रुपये प्रति क्विंटल बिक रही है। हालांकि, कुछ महीने पहले तक इसका रेट 10 हजार रुपये क्विंटल से भी कम था। अभी रिटेल मार्कीट में एक किलो हल्दी का रेट 150 रुपए के करीब है, जबकि पहले यह 70 से 80 रुपये किलो बिकती थी।

बड़ी इलायची की कीमत में 100 रुपये की बढ़ोतरी
वहीं, खुदरा मार्कीट में लाल मिर्च काफी महंगी हो गयी है। इसकी कीमत में भी लगभग बंपर बढ़ौतरी हुई है। यही वजह है कि उत्तर प्रदेश के बहराइच में 150 रुपए किलो मिलने वाली लाल मिर्च अब 280 रुपये किलो बिक रही है। इसी तरह अजवाइन, मेथी, लौंग और बड़ी इलायची भी महंगे हो गके हैं। 

अजवाइन की कीमत 150 रुपये किलो से बढ़कर 220 रुपये किलो हो गयी है। मेथी की कीमत में भी 20 रुपए का उछाल आया है। अब यह 120 रुपये किलो बिक रहा है। इसी तरह लौंग की भी कीमत 900 रुपये किलो हो गयी है। वहीं, बात अगर बड़ी इलायची की करें तो यह 1200 रुपये किलो बिक रही है, जबकि पहले इसका रेट 1000 रुपये किलो था।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse