एबीएन सेंट्रल डेस्क। यूक्रेन में जारी युद्ध के बीच सऊदी अरब अगस्त की शुरूआत में एक शांति वार्ता की मेजबानी करेगा, जिसमें भारत भी शामिल हो सकता है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। बहरहाल, सऊदी अरब और यूक्रेन ने अभी इस वार्ता की पुष्टि नहीं की है।
एक अधिकारी ने नाम न उजागर करने की शर्त पर बताया कि यह शिखर वार्ता लाल सागर के बंदरगाह शहर जेद्दा में होगी। उन्होंने बताया कि शिखर वार्ता में यूक्रेन के साथ ही ब्राजील, भारत, दक्षिण अफ्रीका और कई अन्य देश हिस्सा लेंगे। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन के प्रशासन के एक उच्च स्तरीय अधिकारी के भी बैठक में शामिल होने की संभावना है।
अधिकारी के मुताबिक, इस आयोजन की तैयारियां कीव संभाल रहा है। उन्होंने कहा कि रूस के वार्ता में भाग लेने की संभावना नहीं है। सबसे पहले इस शांति वार्ता की जानकारी द वॉल स्ट्रीट जर्नल ने दी थी।
उसने वार्ता से जुड़े राजनयिकों के हवाले से बताया था कि शांति वार्ता पांच-छह अगस्त को होगी और लगभग 30 देश इसमें हिस्सा लेंगे। अभी सऊदी अरब के अधिकारियों और रियाद में यूक्रेनी दूतावास ने इस पर टिप्पणी नहीं की है। इस शिखर वार्ता की खबर ऐसे वक्त में आयी है, जब अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवान ने बृहस्पतिवार को सऊदी अरब की यात्रा की थी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse