टीम एबीएन, रांची। झारखंड के दिवंगत शिक्षामंत्री जगरनाथ महतो की पत्नी बेबी देवी महतो सोमवार को हेमंत सोरेन की अगुवाई वाली यूपीए गंठबंधन सरकार में मंत्री के तौर पर शपथ लेंगी। शपथ ग्रहण समारोह राजभवन के दरबार हाल में साढ़े बारह बजे होगा। राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन सीएम हेमंत सोरेन और अन्य मंत्रियों की उपस्थिति में बेबी देवी महतो को शपथ दिलायेंगे।
राजभवन प्रवक्ता ने बताया कि शपथ ग्रहण का कार्यक्रम सोमवार को साढ़े बारह बजे होना है। शिक्षामंत्री जगरनाथ महतो के निधन के बाद से हेमंत सोरेन सरकार की कैबिनेट में मंत्री का एक पद खाली है। महतो के पास स्कूल शिक्षा के अलावा साक्षरता एवं आबकारी विभाग था। वहीं बेबी देवी ने कहा कि वह सरकार के साथ मिलकर अपने स्व पति जगरनाथ महतो के सपने को पूरा करेंगी।
डुमरी सीट से लड़ेंगी चुनाव
झारखंड मुक्ति मोर्चा के मुख्य प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य के अनुसार दिवंगत शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो के स्थान पर पार्टी ने उनकी पत्नी बेबी देवी महतो को राज्य मंत्रिमंडल में शामिल करने का फैसला लिया है। उन्होंने बताया कि इस शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ उनके मंत्रिमंडल सहयोगी तथा पार्टी नेता राजभवन में उपस्थित रहेंगे।
पार्टी नेता ने बताया कि बेबी देवी बाद में प्रदेश के डुमरी विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव पार्टी के टिकट पर लड़ने की संभावना हैं। इस बीच, बता दें कि दिवंगत जगरनाथ महतो के निधन के बाद से झारखंड की डुमरी विधानसभा सीट खाली है। जगरनाथ महतो डुमरी विधानसभा क्षेत्र से लगातार झामुमो के चार बार विधायक रहे थे।
6 अप्रैल को उनका निधन हो गया था। तब से यह सीट रिक्त है। छह अक्तूबर से पहले उपचुनाव होना है। ऐसा माना जा रहा है कि बेबी देवी झामुमो उम्मीदवार के तौर पर चुनाव मैदान में उतरेंगी।
उनके सपने पूरे करूंगी
स्वर्गीय जगरनाथ महतो की पत्नी बेबी देवी ने कहा कि वो सरकार के साथ मिलकर अपने पति के सपने को पूरा करेंगी। उन्होंने कहा कि गुरुजी शिबू सोरेन और सीएम हेमंत सोरेन का जो भी आदेश होगा वह उनका पालन करेंगी। साथ ही क्षेत्र की जनता की सेवा अपने पति के प्रतिनिधि के रूप में करेंगी। उनके अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए लगातार काम करेंगी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse