एबीएन न्यूज नेटवर्क, पटना। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने गुरुवार को बिहार के सीएम नीतीश कुमार और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने नीतीश कुमार को पलटूराम बताते हुए मोदी सरकार के 9 साल के कार्यकाल में किये गये कामों को गिनाया। साथ ही कहा कि जिनके कारण आप सीएम बने, जिनके साथ इतने साल तक बैठे उनका कुछ तो लिहाज करो।
बाबू आप सुनना चाहते हो तो मैं पूरा हिसाब देने आया हूं। श्री शाह ने लखीसराय में पार्टी की एक रैली को संबोधित करते हुए लालू यादव को भी लपेटे में लिया। जेडीयू अध्यक्ष ललन सिंह के घर से अमित शाह ने कांग्रेस पर तंज करते हुए कहा कि एक पार्टी एक नेता को 20 साल से लॉन्च कर रही है, लेकिन उसे सफलता नहीं मिल रही है।
अमित शाह ने कहा एक समय था जब आतंकी हमलों पर मनमोहन-सोनिया मौनी बाबा बन जाते थे। अब वो समय नहीं रहा। मोदी जी ने 10 ही दिन में सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक कर पाकिस्तान को उसके घर में घुसकर मारा। ये नया भारत है।
चुनावी एजेंडा भी सेट किया अमित शाह ने लखीसराय की घरती से लोकसभा चुनाव 2024 के लिए एजेंडा सेट कर दिया।
उन्होंने साफ कर दिया कि आने वाले दिनों में भाजपा किस मुद्दे पर चुनावी मैदान में उतरने जा रही है। यह भी स्पष्ट कर दिया कि चुनाव में कौन-कौन नेता उनके निशाने पर रहेंगे। लखीसराय रैली में अमित शाह ने राष्ट्रवाद और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर आगे बढ़ने का मैसेज साफ-साफ दिया। इस दौरान उन्होंने नीतीश-लालू के साथ-साथ रहुल गांधी पर भी जोरदार हमला बोला।
ये सत्ता के लिए कुछ भी करेंगे, भरोसा न करें
अमित शाह ने कहा कि जो लोग सत्ता के लिए लालू यादव और कांग्रेस के साथ जा रहे हैं, उन्हीं के कारण गुंडाराज, बालू माफिया, सड़क माफिया सामने आते हैं। यही लोग बिहार में कानून व्यवस्था खराब कर रहे हैं। अमित शाह ने कहा कि कुछ लोग सत्ता के लिए सारे सिद्धांतों को छोड़ दे रहे हैं। ऐसे लोगों पर भरोसा नहीं किया जा सकता है।
आज लालू यादव और अरविंद केजरीवाल सत्ता के लिए साथ आने को तैयार हैं। नीतीश कुमार ने अपनी सियासी करियर कांग्रेस के खिलाफ शुरू की थी। आज नीतीश कुमार कांग्रेस के साथ हैं। लालू यादव के भ्रष्टाचार और जंगलराज के खिलाफ लड़ने वाले नीतीश कुमार उन्हीं के साथ खड़े हैं।
कुछ लोग 370 को गोल लिये बैठे थे
केंद्रीय गृह ने कहा कि पहले जब पाक प्रेरित आतंकवादियों के हमले होते थे तो सोनिया-मनमोहन की सरकार कोई जवाब नहीं देते थे, मौनी बाबा बनकर दिल्ली में बैठ जाते थे लेकिन जब पीएम मोदी के कार्यकाल में पुलवामा और उरी में हमले हुए तो 10 ही दिन में सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक कर पाकिस्तान के घर में घुसकर मारा।
कांग्रेस, जदयू, राजद, ममता सभी लोग धारा 370 को बच्चे की तरह गोद में खिलाते थे। ये कहते थे कि धारा 370 हटाओगे तो कश्मीर में खून की नदियां बह जायेंगी, राहुल बाबा खून की नदियां तो दूर किसी की कंकड़ चलाने की भी हिम्मत नहीं हुई। अमित शाह ने यह भी कहा कि, ये नौ साल भारत के गौरव के साल रहे हैं।
पीएम मोदी जहां भी जाते हैं, चाहे वह अमेरिका हो या इंग्लैंड या फ्रांस या मिस्र - आपको मोदी, मोदी के नारे सुनाई देते हैं। हाल ही में अमेरिका गये, किसी राष्ट्राध्यक्ष ने उनसे मिलने का समय मांगा, किसी ने आॅटोग्राफ, तो किसी ने पैर छूकर आशीर्वाद लिया। दुनिया भर में पीएम मोदी के लिए यह सम्मान सिर्फ उनका या भाजपा का नहीं बल्कि करोड़ों भारतीयों का है।
अब आप जवाब दीजिये नीतीश बाबू
अमित शाह ने लखीसराय रैली में नीतीश कुमार से कई सवाल पूछे और उन्हें हिसाब भी दिया। साथ ही उन्होंने जनता से इस बार भी नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि 2014 में आपने जिताया, 19 में जिताया अब 2024 में बिहार की सभी लोकसभा सीट भाजपा के झोले में डालिये। वहीं उन्होंने ने पीएम मोदी के नौ साल के सवाल पर नीतीश कुमार को भी आड़े हाथो लिया।
उन्होंने कहा कि एक पलटू बाबू नीतीश कुमार ने पूछा कि नौ साल में मोदी ने क्या किया है। अरे नीतीश बाबू जरा तो लिहाज करें, याद कीजिए किसकी वजह से मुख्यमंत्री बने हैं। नीतीश बाबू आज मैं पूरा हिसाब देने आया हूं। मोदी जी के 9 साल गरीब कल्याण, भारत गौरव, भारत की सुरक्षा के 9 साल हैं।
20 साल से लॉन्च हो रहे राहुल बाबा
अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी को 20 साल से लॉन्च करने की कोशिश कर रही है। हालांकि बार-बार वह असफल हो जा रही है। राहुल गांधी पर तंज कसते हुए अमित शाह ने कहा कि उनकी पार्टी बार-बार उन्हें लॉन्च करने की कोशिश कर रही है, लेकिन राहुल बाबा लॉन्च ही नहीं होते।
वहीं हमलोग जिस पार्टी से आते हैं, वहां पार्टी नहीं देश की जनता लॉन्च करती है। अमित शाह नेपूछा कि देश को 20 बार फेल होने वाले राहुल बाबा चाहिए या नरेंद्र मोदी। अमित शाह ने मंच से नारा लगवाया कि प्रधानमंत्री कौन बनेगा। अमित शाह ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनेगी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse