टीम एबीएन, रांची। एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल पुंदाग में जिला परिवहन विभाग, रांची के तत्वावधान में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन ज्ञान दीप प्रज्ज्वलित करके किया गया।
प्राचार्य संजीत कुमार ने परिवहन विभाग से आये अतिथि जमाल अशरफ खान तथा गौरव कुमार को पौधा भेंट कर उनका औपचारिक स्वागत किया। उन्होंने अपने स्वागत भाषण में परिवहन विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम अत्यंत उपयोगी हैं।
हमारे नौनिहालों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक और सचेत रहना चाहिए, क्योंकि उनका जीवन अमूल्य है। वे न केवल अपने परिवार की, बल्कि देश की भी अमूल्य निधि हैं। उन्हीं पर देश का भविष्य टिका हुआ है।
श्री जमाल अशरफ खान ने विद्यार्थियों को यातायात के नियमों का सख्ती से पालन करने की सलाह देते हुए कहा कि शहर की सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरे सक्रियता से हर गतिविधि पर नजर रखते हैं। वे सड़क पर चलने वालों की हर हरकत को कैद करते रहते हैं, जिनके आधार पर यातायात विभाग कार्यवाही करता है।
किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए सड़क पर अनुशासित व्यवहार करने की आवश्यकता है। अपनी उम्र के अनुसार लाइसेंस बनवाकर ही कोई भी दुपहिया या चार पहिया वाहन चलाने के विषय में निर्णय लेना चाहिए। हमेशा आवश्यकता के अनुसार हेलमेट या सीट बेल्ट का उपयोग अवश्य करना चाहिए। गति पर भी नियंत्रण रखना चाहिए।
उन्होंने विद्यालय के बस चालकों को भी निर्देश दिया कि वे नियमानुसार नियंत्रित गति में बस चलायें और इस दौरान किसी प्रकार का नशापान न करें। यातायात के नियमों का पालन न करने पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।
गौरव कुमार ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा शपथ दिलवायी। उन्होंने बताया कि कोई भी दुर्घटना घटित होने के बाद प्रारंभिक एक घंटा अत्यंत महत्त्वपूर्ण होता है। जिसे स्वर्ण काल कहा जाता है, जिसमें त्वरित कार्यवाही करके दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति की जान बचायी जा सकती है।
सड़क पर स्वयं सुरक्षित रहना जितना आवश्यक है, उतना ही आवश्यक दुर्घटनाग्रस्त लोगों की मदद करना भी है। इसके लिए केंद्र सरकार की ओर से पांच हजार तथा राज्य सरकार की ओर से दो हजार रुपये की इनाम राशि भी दी जा रही है।
उक्त कार्यक्रम में विद्यालय के लिए बस मुहैया कराने वाले परिवाहक जय सिंह यादव, दीपक ओझा, स्कूल- बसों के चालक, उनके सहायक तथा शिक्षक उपस्थित थे। विद्यालय के बस प्रभारी सह वरिष्ठ शिक्षक श्री विजय कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया। शांति पाठ के साथ सभा समाप्त हुई।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse