एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। सिंगापुर, चीनी और कोरियाई प्रतिद्वंदियों के खिलाफ फाइनल में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद भारत ने तीरंदाज़ी एशिया कप के तीसरे चरण में अपना अभियान शनिवार को छह रजत और एक कांस्य पदक के साथ समाप्त किया।
भारत ने दिन की शुरुआत महिला कंपाउंड टीम फाइनल में कोरिया के हाथों 232-234 से हारकर की। पुरुष कंपाउंड टीम को भी कोरिया के हाथों 238-235 की हार का सामना करना पड़ा। फाइनल मुकाबले में भारतीय महिला कंपाउंड टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी, लेकिन उन्होंने अच्छी वापसी करते हुए कोरिया की बढ़त को 175-176 तक कम किया। अंतिम राउंड में हालांकि एक भारतीय तीरंदाज़ का निशाना खराब जाने के कारण कोरिया ने स्वर्ण जीत लिया।
पुरुष कंपाउंड टीम भी एक समय पर 59-0 की बढ़त बनाये हुए थी, लेकिन इसके बाद उसके लचर प्रदर्शन ने कोरिया को 238-235 से जीतने का मौका दिया। कोरिया ने रिकर्व महिला टीम के फाइनल में भी भारत की रिधि फोर, रूमा विश्वास और अदिति जायसवाल की तिकड़ी को 3-5 से परास्त किया।
पुरुषों के रिकर्व फाइनल में भारतीय टीम चीन से 1-5 से हार गयी। भारतीय महिला कंपाउंड तीरंदाज रूमा बिस्वास ने फाइनल में चीन की एएन किजुआन से 2-6 से हारकर चांदी से संतोष किया। पार्थ सालुंखे पुरुषों के रिकर्व स्वर्ण पदक मैच में चीन के क्यूई जियांगशुओ से 2-6 से हार गये।
भारत का एकमात्र कांस्य पदक प्रगति ने जीता, जिन्होंने कंपाउंड महिला एकल के कांस्य पदक मैच में अपनी हमवतन दीपशिखा को 147-146 से मात दी। कोरिया ने पदक तालिका में शीर्ष पर रहते हुए चार स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य पदक जीते। चीन चार स्वर्ण और तीन कांस्य पदक के साथ दूसरे स्थान पर रहा। छह रजत और एक कांस्य सहित सात पदक जीतने वाले भारत ने तीसरा स्थान हासिल किया।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse