लातेहार : घर में आग लगने से गैस सिलेंडर फटा, छह घायल

 

टीम एबीएन, लातेहार। जिले के मनिका थाना क्षेत्र अंतर्गत बरवाडीह गांव में बीती रात महेश्वर उरांव के घर में अचानक आग लग गयी। आग के कारण घर में रखा गैस सिलेंडर विस्फोट कर गया। इस घटना में 6 लोग घायल हो गये। अगलगी की इस घटना में पूरा घर जलकर खाक हो गया। 

दरअसल मंगलवार की देर रात अचानक महेश्वर उरांव के घर में आग लग गयी। खपरैल घर होने के कारण आग ने भयंकर रूप धारण कर लिया और पूरा घर धू-धूकर जलने लगा। घटना के बाद घर में सोए हुए लोगों की नींद टूटी, जान बचाकर घर से बाहर भागे और हल्ला मचाने लगे। 

आग लगने की घटना की सूचना मिलने के बाद आसपास के ग्रामीण वहां जमा हुए और पानी फेंककर आग बुझाने का प्रयास करने लगे। परंतु इसी दौरान आग की तेज लपटों से गर्म होकर घर में रखा हुआ गैस का सिलेंडर अचानक फट गया। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि घर की छत उड़ गयी। 

वहीं घर में लगी आग को बुझाने का प्रयास कर रहे हैं कई ग्रामीण भी इसकी चपेट में आ गये। इनमें 6 लोगों को गंभीर चोट आयी, जिनमें नागेश्वर उरांव, रामेश्वर उरांव, अखिलेश उरांव, प्रेम उरांव, मदन उरांव और जयराम उरांव शामिल हैं।

घायलों को भेजा गया अस्पताल

घटना के बाद घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया। मनिका अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए लातेहार सदर अस्पताल रेफर किया गया। सदर अस्पताल में सभी घायलों का इलाज किया जा रहा है। हालांकि सभी की स्थिति खतरे से बाहर बतायी जा रही है। 

घरवालों का कहना है कि आग कैसे लगी इसकी जानकारी उन्हें नहीं हो सकी। घर में आग लगने के बाद उनकी नींद खुली तो अपनी जान बचाकर किसी प्रकार घर से बाहर भागे। भुक्तभोगी महेश्वर उरांव ने बताया कि इस अगलगी की घटना में उनको भारी नुकसान हुआ है। घर में रखा हुआ सारा सामान और अनाज जलकर खाक हो गया। उनके पास अब कुछ भी नहीं बचा। उन्होंने जिला प्रशासन से मदद की गुहार लगायी है।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse