टीम एबीएन, रांची। अवैध बालू उत्खनन और परिवहन के खिलाफ खनन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। खूंटी जिले के जरियागड़ क्षेत्र में छापेमारी कर बालू लदे तीन हाइवा को जब्त किया है। अवैध बालू के खिलाफ पुलिस प्रशासन की सख्ती दिखी है।
तोरपा भाया जरियागड़ के रास्ते होते हुए कर्रा की तरफ जा रहे तीन हाइवा को पकड़ा गया। गाड़ियों पर 700-700 सीएफटी बालू लोड था। खूंटी जिले के जरियागड़ थाना क्षेत्र में की गई कार्रवाई के बाद खनन विभाग ने विभिन्न धाराओं के तहत कांड दर्ज किया है।
जरियागड़ थाना में किए गए एफआईआर में बताया है कि जेएच 01-डीजे 6403, जेएच 0 डीसी 7575 और जेएच 02 एई 0249 हाइवा तेज गति से कर्रा की तरफ जा रहा था। खनन विभाग और जरियागड़ पुलिस ने पीछा कर हाइवा को रोका।
मौका देखकर चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गये। पुलिस तीनों हाइवा को जब्त कर थाने ले गयी। उसके बाद हाइवा चालक और मालिक पर विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गयी।
गौरतलब है कि एनजीटी के प्रावधान लगने से पहले ही बालू माफिया अवैध बालू को डंप करने में लगे हुए हैं। कई जगहों पर माफियाओं ने लाखों सीएफटी बालू स्टॉक कर रख लिया है। ताकि एनजीटी के आदेश के बाद उसे अवैध तस्करी कर मुनाफाखोरी कर सके।
खनन विभाग ने अवैध माफियाओं के खिलाफ सख्ती शुरू कर दी है। खनन विभाग के साथ-साथ पुलिस भी अवैध खनन करने वाले माफियाओं और स्टॉक किए बालू के स्थल को चिह्नित करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। खनन विभाग ने दावा किया है कि इस वर्ष माफियाओं को बख्शा नहीं जायेगा।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse