एबीएन न्यूज नेटवर्क, सरायकेला। सरायकेला-खरसावां जिलान्तर्गत खरसावां के बुरुडीह स्थित अभिजीत स्टील कंपनी के बंद पड़े प्लाट में शुक्रवार की रात चोरी कर दो छोटा हाथी वाहन से केबल तार लेकर जा रहे छह चोरों को गश्ती दल में शामिल पुलिसकर्मियों ने धर दबोचा। इस दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर चोरी की वारदात में शामिल करीब पांच चोर पुलिस को चकमा दे कर भागने में सफल रहे।
जानकारी के अनुसार बीते शुक्रवार की देर रात बुरुडीह स्थित अभिजीत स्टील प्लांट में 10-11 युवक केबल तार काटकर दो छोटा हाथी वाहन में लेकर आदित्यपुर की ओर जा रहे थे। इसी क्रम में सरायकेला पुलिस की रात्रि गश्ती में तैनात पुलिस पदाधिकारी सुगालाल सिंह ने गुटूसाही गांव के पास दो छोटा हाथी वाहन को जाते देखा।
पुलिसकर्मियों ने जब गाड़ी रोकने का प्रयास किया तो वाहन चालक गाड़ी भगाने लगा, जिसे गश्ती दल ने दौड़ाकर पकड़ लिया। वाहन की जांच की गयी, तो उसमें भारी मात्रा में केबल के तार रखे हुए मिले। तत्पश्चात, छह युवकों को पुलिस ने दबोच लिया,जबकि अंधेरे का फायदा उठाकर पांच युवक भागने में सफल रहे।
पकड़ाये चोरों ने पुलिस के समक्ष पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया वे अभिजीत कंपनी से तार लेकर आदित्यपुर अभिषेक नामक व्यक्ति के खटाल में लेकर जा रहे थे। चोरों ने बताया कि वे काफी समय से अभिजीत कंपनी से केबल तार चोरी कर बेचते हैं।
पुलिस ने चोरी में शामिल छह युवकों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज किया है। इसके अलावे अन्य पांच अज्ञात चोरों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। सरायकेला थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने बताया कि पकड़ाया सभी चोर जमशेदपुर स्थित जुगसलाई कहा रहने वाले हैं।
पुलिस की गिरफ्त में आये चोरों में मो जालान, मो राजू, मो अख्तर, मो एजाज आदि शामिल हैं। उन्होंने बताया कि बाकी फरार चोरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse