मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में धोनी के घुटने की सफल सर्जरी

 

  • धोनी के घुटने की सर्जरी सफल, अस्पताल से जल्द मिल सकती है छुट्टी

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के घुटनों की सफलतापूर्वक सर्जरी हो गयी है। गुरुवार को मुंबई के एक अस्पताल में माही के बायें घुटने की सर्जरी हुई। वह इस सीजन आईपीएल में काफी दर्द में रहे थे और उन्हें विकेटकीपिंग के वक्त लंगड़ा कर चलते हुए देखा गया था। ऐसे में धोनी ने आईपीएल के बाद मिले समय में सबसे पहले घुटनों की सर्जरी करायी। 

आईपीएल ट्रॉफी जीतने के 48 घंटे के अंदर ही उन्होंने मुंबई के नामी आॅथोर्पेडिक डॉक्टर दिनशॉ पार्दीवाला से संपर्क किया था। वह बीसीसीआई के मेडिकल पैनल का भी हिस्सा हैं और कई दिग्गज क्रिकेटर्स की सर्जरी कर चुके हैं। इनमें भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत भी शामिल हैं। 

सीएसके के मैनेजमेंट के एक करीबी सूत्र ने नाम न छापने की शर्तों पर पीटीआई को बताया- हां, धोनी की गुरुवार को मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में घुटने की सफल सर्जरी हुई है। वह ठीक हैं और एक या दो दिन में उन्हें छुट्टी दे दी जायेगी। रिहैबिलिटेशन शुरू होने से पहले वह कुछ दिनों तक आराम करेंगे। 

अब ऐसा लगता है कि उनके पास अगले आईपीएल में खेलने के लिए फिट होने के लिए पर्याप्त समय होगा। सीएसके के सीईओ काशी विश्वनाथन ने खुलासा किया कि गुरुवार को सर्जरी के बाद उन्होंने धोनी से बात की थी। उन्होंने कहा था कि आपरेशन के बाद धोनी से बातचीत हुई। 

वह ये नहीं समझ सके कि सर्जरी किस खास चीज की हुई है, लेकिन यह जरूर पता चला कि यह एक की-होल सर्जरी है। वह हमारी बातचीत में ठीक लग रहे थे। धोनी की पत्नी साक्षी अस्पताल में उनके साथ मौजूद रहीं। धोनी बुधवार (31 मई) शाम को अस्पताल में भर्ती हुए थे।

सीएसके मैनेजमेंट ने धोनी के इलाज की देखरेख के लिए अपनी टीम के डॉक्टर डॉ मधु थोट्टापिल को भी मुंबई भेजा है। उनके पूरी तरह से ठीक होने का सही समय अभी भी ज्ञात नहीं है, लेकिन यह अनुमान लगाया गया है कि धोनी लगभग दो महीने में ठीक हो जायेंगे। 

सोमवार रात आईपीएल जीतने के बाद धोनी ने अगले साल वापस आने और अपने प्रशंसकों के लिए एक अंतिम सीजन खेलने की उम्मीद जताई थी। धोनी ने आईपीएल के पूरे सीजन में बायें घुटने पर पट्टी बांधकर खेला था। 

बैटिंग करते हुए रन लेने के दौरान भी धोनी परेशानी में दिखते थे। बुधवार को सीएसके के सीईओ काशी विश्वनाथन ने कहा था कि धोनी सर्जरी करवाना चाहते हैं या नहीं यह पूरी तरह से उनका फैसला होगा।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse