एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। चेन्नई सुपर किंग्स ने 5वीं बार आईपीएल खिताब अपने नाम कर लिया है। चेन्नई ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ 5 विकेट से जीत हासिल की। वहीं कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने खिताबी जीत के बाद भावुक बयान देते हुए संन्यास नहीं लेने का ऐलान भी कर दिया है।
साथ ही उन्होंने यह भी खुलासा किया कि इस सीजन की शुरुआत के समय से ही उनका शरीर उनका साथ नहीं दे रहा था। आईपीएल से संन्यास की अटकलों को खारिज करते हुए महेंद्र सिंह धोनी ने कहा कि दर्शकों के प्यार को देखते हुए उन्हें तोहफा देने के लिए वह अगले सत्र में फिर खेलेंगे। इस सत्र की शुरूआत से ही अटकलें लगायी जा रही थी कि यह धोनी का आखिरी सत्र होगा।
हर मैदान पर दर्शकों ने उन पर जिस तरह से प्यार लुटाया, उससे इसकी संभावना और प्रबल होती नजर आ रही थी। गुजरात टाइटंस पर फाइनल में पांच विकेट से जीत के बाद धोनी से जब पूछा गया कि क्या यह उनका आखिरी सत्र है, उन्होंने कहा- अगर परिस्थितियों को देखे तो मेरे लिये संन्यास लेने का यह सर्वश्रेष्ठ समय है।
मेरे लिये यह कहना बहुत आसान है कि अब मैं विदा ले रहा हूं लेकिन अगले नौ महीने तक कड़ी मेहनत करके लौटना और एक सत्र और खेलना कठिन है। उन्होंने कहा- शरीर को साथ देना होगा। चेन्नई के प्रशंसकों ने जिस तरह से मुझे प्यार दिया, यह उनके लिये मेरा तोहफा होगा कि मैं एक सत्र और खेलूं।
उन्होंने जो प्यार और जज्बात दिखाये हैं, मुझे भी उनके लिए कुछ करना चाहिये। धोनी ने कहा- यह मेरे कैरियर का आखिरी दौर है। यहीं से शुरूआत हुई थी और पूरा स्टेडियम मेरा नाम ले रहा था। ऐसा चेन्नई में भी हुआ था लेकिन मैं वापसी करके जितना खेल सकता हूं, खेलूंगा।
उन्होंने आगे कहा कि हमने शुरुआत आज के मैच की अच्छी नहीं की, लेकिन हमारे बल्लेबाजी क्रम ने अच्छा किया है। कौन किस तरह से दबाव झेलता है इसको हम समझते हैं, अगर रहाणे जैसा प्लेयर हो तो अच्छा है। जहां तक रायुडू की बात है तो वह खुद ही नहीं हम सभी उनकी पारी को याद रखेंगे। वह ऐसा प्लेयर है जो हमेशा अच्छा करना चाहता था और यह उसका दिन था।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse