टीम एबीएन, रांची। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय, भारत सरकार के उद्योग संवर्धन और आंतरिक व्यापार विभाग की विशेष सचिव श्रीमती सुनिता काबरा के आप्त सचिव प्रतीक गुप्ता ने आज झारखंड चैंबर आफ कॉमर्स के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर राज्य में औद्योगिक निवेश के दौरान उद्यमियों के समक्ष आनेवाली कठिनाइयों और उसके समाधान के बिंदुओं पर चर्चा की।
झारखण्ड प्रदेश के व्यापार व उद्योग जगत की प्रतिनिधि संस्था होने के नाते उन्होंने फेडरेशन से यह जानना चाहा कि राज्य में उद्योग लगाने में क्या-क्या कठिनाईयां होती हैं। विदित हो कि उद्योग संवर्धन विभाग द्वारा झारखण्ड में उद्योग लगाने में होनेवाली लैंड, लाइसेंस सहित अन्य तकनीकी समस्या की जानकारी हेतु सर्वे किया जा रहा है।
श्री गुप्ता ने अवगत कराया कि उद्योग लगाने में होनेवाली समस्याओं को कलेक्टिव रूप से एकत्रित करके उद्योग संवर्धन विभाग द्वारा अपने स्तर से अथवा झारखण्ड के उद्योग विभाग से समन्वय बनाकर त्वरित निराकरण की पहल सुनिश्चित करेगा।
बैठक के दौरान हुई विधिवत चर्चाओं के क्रम में चैंबर ने कई एक बिंदुओं से वरीय अधिकारी को अवगत कराया गया, जिसपर उन्होंने त्वरित कार्रवाई के लिए आश्वस्त किया। बैठक में चैंबर अध्यक्ष किशोर मंत्री, उपाध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, अमित शर्मा, सह सचिव रोहित पोद्दार, प्रवक्ता ज्योति कुमारी, तुपुदाना औद्योगिक संघ के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
फिल्म कला संस्कृति उप समिति की बैठक
झारखंड चैंबर के फिल्म कला उप समिति की बैठक आज चैंबर भवन में संपन्न हुई। बैठक में झारखण्ड में फिल्म उद्योग से संबंधित समस्या पर विस्तार से चर्चा हुई। विभिन्न फिल्म संस्था से जुडे कलाकारों ने अपनी समस्याओं को चैंबर से साझा किया, जिसपर उचित कार्रवाई के लिए आश्वस्त किया गया।
यह बताया गया कि झारखण्ड में फिल्म निर्माण पर कोई भी अनुदान राशि नहीं मिलती है। जबकि प्रदेश में फिल्म निर्माण पर कम से कम 20 लाख का अनुदान मिलना चाहिए। बैठक में चैंबर अध्यक्ष किशोर मंत्री, उप समिति चेयरमेन आनंद जालान, को-चेयरमेन राजीव प्रकाश चौधरी, सदस्य किशन अग्रवाल, राजीव सिन्हा, विवेक नायक, विजयशंकर, चंदन पाण्डे, नीरज ओझा, नंदन राय, स्वपना चटर्जी सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
जल संरक्षण उप समिति की बैठक
झारखंड चैंबर के जल संरक्षण उप समिति की बैठक चैंबर भवन में संपन्न हुई। चैंबर अध्यक्ष किशोर मंत्री ने बडा तालाब, कांके डैम, रूक्का डैम, धुर्वा डैम में समाहित गाद को बाहर निकालने के संबंध में माननीय मुख्यमंत्री को ज्ञापन देने की बात कही। बैठक के दौरान उप समिति चेयरमेन विजय शंकर ने कहा कि बडा तालाब के गाद की सफाई जितनी जल्द होगी, शहरवासियों को जल संकट से राहत मिलेगी।
बैठक में चैंबर अध्यक्ष के अलावा, उप समिति चेयरमेन विजयशंकर, सदस्य राजीव चौधरी, आनंद जालान, किशन अग्रवाल, नीरज कुमार, चंदन पांडे सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे। उक्त जानकारी संगठन के महासचिव डॉ अभिषेक रामाधीन और प्रवक्ता ज्योति कुमारी ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse