टीम एबीएन, रांची। झारखंड खेल नीति-2022 के आधार पर राज्य के पूर्व खिलाड़ियों को पेंशन देने की तैयारी शुरू हो चुकी है। इस संबंध में विज्ञापन जारी करते हुए खेल निदेशालय ने पूर्व के खिलाड़ियों से आवेदन मांगा है। मानक के अनुरूप होने पर पूर्व खिलाड़ियों को 10 हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन मिलेगी।
निदेशालय की ओर से इसके लिए कई मानक भी तय किये गये हैं, जिसके अनुसार पूर्व खिलाड़ियों को 30 अप्रैल तक संबंधित जिला खेल पदाधिकारियों को आवेदन देना है। इसके अलावा खिलाड़ियों के कोच को भी कैश अवार्ड देने के लिए विज्ञापन जारी किया गया है।
खेल निदेशालय के अनुसार, राज्य के अर्जुन अवॉर्डी, द्रोणाचार्य अवॉर्डी, ध्यानचंद अवॉर्डी, ओलिंपिक में भाग लेनेवाले खिलाड़ी, कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स के पदक विजेता खिलाड़ी, जो अब व्यावहारिक तौर पर खेल में नहीं है, पेंशन योजना का लाभ ले सकते हैं।
इसके अलावा पूर्व खिलाड़ी झारखंड का स्थायी निवासी हो, खिलाड़ी सक्रिय खेलों से सेवानिवृत्त हो चुका हो, कम से कम 40 वर्ष का हो और किसी भी आपराधिक मामले में दोषसिद्ध से मुक्त हो चुका हो, होना जरूरी है। पूर्व खिलाड़ियों को तो पेंशन का लाभ प्रतिमाह आजीवन 10 हजार रुपये मिलेगा ही, इसके अलावा अगर पेंशन मिलने की अवधि में खिलाड़ी की मृत्यु हो जाती है, तो उसके परिवार के किसी आश्रित को 5000 रुपये मासिक पेंशन का लाभ आजीवन दिया जायेगा।
खेल निदेशालय की ओर से कोच को कैश अवॉर्ड दिया जायेगा। इसके तहत झारखंड के वैसे कोच, जिन्होंने 10 जून 2022 के बाद अंतरराष्ट्रीय या भारतीय ओलिंपिक संघ से मान्यता प्राप्त प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों या टीम को उपलब्धि दिलायी हो, उन्हें नकद पुरस्कार राशि प्रदान की जायेगी। कोच को 20 अप्रैल तक जिला खेल पदाधिकारी को आवेदन देना है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse