एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। हॉकी इंडिया की वित्तीय कारणों से बंद हुई हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) को 2024 से फिर से शुरू करने की योजना है और इसके लिए उसने सोमवार को विशेष व्यावसायिक और विपणन भागीदार की घोषणा की। वित्तीय कारणों से हॉकी इंडिया लीग को 2017 में बंद कर दिया गया था और हॉकी इंडिया इसको फिर से शुरू करने के लिए नये साझेदारों की तलाश में है।
हॉकी इंडिया के सूत्रों ने पीटीआई से कहा कि एचआईएल से खेल को बड़ी सफलता मिली थी और हम अब इसे अगले साल से फिर से शुरू करने की प्रक्रिया में हैं। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि यह लीग जल्द से जल्द शुरू हो लेकिन अगले साल फरवरी तक विश्व हॉकी महासंघ (एफआईएच) का कार्यक्रम काफी व्यस्त है और कोई विंडो खाली नहीं है। लेकिन इससे हमें सभी चीजों को व्यवस्थित करने का समय मिल जायेगा।
हॉकी इंडिया ने सोमवार को बिग बैंग मीडिया वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड को अपनी विशेष वाणिज्यिक और विपणन भागीदार एजेंसी के रूप में घोषित किया। यह लीग को फिर से शुरू करने की दिशा में पहला बड़ा कदम है। हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने कहा कि आज मैं बहुत खुश हूं क्योंकि जब मैंने हॉकी इंडिया के अध्यक्ष का पद संभाला तो हॉकी इंडिया लीग को शुरू करना मेरी मुख्य प्राथमिकता थी। यह भारत के लिए एक महत्वपूर्ण कदम होगा और हमें खुशी है कि बिग बैंग मीडिया वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड एचआईएल के लिए व्यावसायिक साझेदार के रूप में हम से जुड़ा है।
उन्होंने कहा कि मुझे बहुत खुशी है कि हम हॉकी इंडिया लीग के नए युग की शुरुआत करने की तरफ आगे बढ़ रहे हैं। यह न केवल भारत में हॉकी को पुनर्जीवित करेगा, बल्कि विश्व स्तर पर इस खेल में नयी ऊर्जा भी प्रदान करेगा। हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह ने कहा कि हॉकी इंडिया लीग से दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी एक मंच पर एकत्रित होंगे और इससे युवा प्रतिभाओं को नई सीख मिलेगी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse