एबीएन सेंट्रल डेस्क। कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक एन वाई गोपालकृष्ण सोमवार को कांग्रेस में शामिल हो गये। कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष डी के शिवकुमार ने कहा कि 10 मई को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और जनता दल (एस) के कई विधायक कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं, जो इस बात का प्रमाण है कि जनता की लहर पार्टी के पक्ष में है।
कुदलिगी विधानसभा क्षेत्र के मौजूदा भाजपा विधायक एन वाई गोपालकृष्ण को पार्टी में शामिल करने के बाद अपने भाषण में उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आएगी। गोपालकृष्ण ने गत शुक्रवार को ही पार्टी से इस्तीफा दे दिया था।
शिवकुमार ने कहा कि भाजपा और जद (एस) के कई नेता हमारा दरवाजा खटखटा रहे हैं। यह इस बात का सुबूत है कि राज्य की जनता की आवाज कांग्रेस के पक्ष में है और हमारा रास्ता सही दिशा में सत्ता की तरफ है। शिवकुमार ने कहा कि गोपालकृष्ण ने भाजपा विधायक के पद से इस्तीफा दे दिया और अब कांग्रेस में शामिल हो गये हैं। उन्होंने कहा कि इसी तरह जद (एस) विधायक केएम शिवलिंगे गौड़ा भी इस्तीफा दे चुके हैं और वह जल्द ही कांग्रेस में शामिल होंगे।
कई और नेता थामेंगे कांग्रेस का दामन
केपीसीसी प्रमुख ने कहा कि भाजपा और जद (एस) नेता स्वैच्छिक रूप से कांग्रेस का दामन थाम रहे हैं, जो इस बात का बड़ा सुबूत है कि लोगों ने डबल इंजन सरकार की नाकामी के कारण परिवर्तन करने का मन बना लिया है। 6 बार के विधायक गोपालकृष्ण पहले कांग्रेस में थे। वह चार बार चित्रदुर्ग जिले के मोलाकलमुरु विधानसभा क्षेत्र से और एक बार बेल्लारी सीट से विधायक चुने गए। भाजपा में शामिल होने के बाद वह कुदलिगी से विधायक बने।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse