टीम एबीएन, नवादा/ पटना। केंद्रीय गृह मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने लोगों से वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का तीसरा कार्यकाल सुनिश्चित करने और बिहार में 2025 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को सरकार बनाने का मौका देने का आह्वान किया।
श्री शाह ने रविवार को यहां हिसुआ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए लोगों से 2024 के लोकसभा चुनावों में भाजपा को भारी समर्थन देने का आह्वान किया और कहा कि जनता के समर्थन से श्री मोदी लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों को अगले संसदीय चुनाव में राज्य की सभी 40 लोकसभा सीटों पर भाजपा की जीत के लिए अपना समर्थन देना चाहिए।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पिछले साल अगस्त में भाजपा को धोखा दिया और प्रधानमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा के लिए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद से हाथ मिलाया। उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट है कि वर्ष 2024 में प्रधानमंत्री पद की कोई जगह खाली नहीं है और श्री कुमार के पास प्रधानमंत्री बनने का कोई मौका नहीं है।
श्री शाह ने कहा कि राजद प्रमुख श्री यादव इस भ्रम में हैं कि श्री कुमार उनके बेटे तेजस्वी प्रसाद यादव को बिहार का अगला मुख्यमंत्री बनायेंगे। उन्होंने कहा कि यह निश्चित है कि श्री कुमार वर्ष 2024 में प्रधानमंत्री नहीं बनने जा रहे हैं और वह 2025 में होने वाले अगले बिहार विधानसभा चुनाव में तेजस्वी को अपना उत्तराधिकारी नहीं बनायेंगे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse