एबीएन सेंट्रल डेस्क। बंगाल के सिलीगुड़ी शहर में रामनवमी के शुभ अवसर पर आज श्री रामनवमी महोत्सव समिति द्वारा एक भव्य एवं विशाल धार्मिक शोभायात्रा निकाली गई। समिति के सचिव श्री लक्ष्मण बंसल ने बताया कि शहर एवं आसपास के क्षेत्रों से लगभग 5 लाख रामभक्त इस शोभायात्रा में शामिल हुए हैं।
भव्यता एवं संख्या के मामले में यह शोभायात्रा पूर्ण पश्चिम बंगाल में प्रथम स्थान पर है जो कि हिन्दू सनातन समाज का श्री राम के प्रति समर्पण एवं उत्साह का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि इस शोभायात्रा में 81 झांकियां शामिल हुईं जिसमें मुख्य रूप से अयोध्या में राम मंदिर, काशी विश्वनाथ मंदिर, मथुरा के कृष्ण मंदिर, पर्यावरण रक्षा, सामाजिक समरसता, गौ रक्षा की झांकियां और बी एस एफ बैंड आकर्षण का केंद्र रहा।
मल्लागुड़ी स्थित हनुमान मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आये हुए विश्व हिन्दू परिषद् के अखिल भारतीय संयुक्त महामंत्री माननीय श्री सुरेन्द्र जैन ने अपने वक्तव्य में कहा कि जय श्री राम... आज के युग का क्रांति घोष बन गया है। देश भर में आज तीस हजार से अधिक शोभा यात्राएं निकल रही है।
पुरा देश हर्ष और उल्लास के साथ जय श्री राम के उद्घोष लगाता हुआ राम नवमी उत्सव मना रहा है। जैसे जैसे राम मंदिर का निर्माण पूर्णता की ओर बढ़ रहा है राम भक्तों का उत्साह उतना ही प्रबलता के साथ बढ़ता जा रहा है। बंगाल में यह उत्साह अद्वितीय है। जिस बंगाल में कुछ राजनेताओं ने वोट बैंक की राजनीति के कारण जय श्री राम के उद्घोष को अपराध बनाने की कोशिश की थी आज उसी बंगाल में दो हजार से अधिक यात्राएं निकल रही है।
ऐसा लगता है बंगाल का चप्पा-चप्पा राममयी हो गया है। समाज के सभी वर्गो के लोग जनजाति, युवा एवं महिलाएं अत्यधिक उमंग के साथ भागीदारी कर रही है। बंगाल में राम और दुर्गा में विभेद करने वाले विफल हो गये और जैसे राम ने त्रेता में मां दुर्गा की पुजा की थी वैसे ही बंगाल में आज सभी दुर्गा भक्त जाति, पंथ एवं सम्प्रदाय से उपर राम की भी पूजा कर रहे हैं।
कार्यक्रम में विश्व हिन्दू परिषद् के क्षेत्रिय संगठन मंत्री श्री स्वप्न मुखर्जी एवं विशिष्ट सामाजिक और धार्मिक व्यक्तियों की उपस्थित रही। बौद्ध धर्म गुरु ने कहा कि रामनवमी के इतने बड़े उत्सव पर बंगाल में सरकारी छुट्टी होनी चाहिए। हनुमान मंदिर में 10 बजकर 15 मिनट पर प्रभु श्री राम की पूजा अर्चना के बाद शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ।
शहर के वेनस मोड़ पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आयी हुई झांकियां एवं श्रद्धालुओं को साथ लेते हुए यह शोभायात्रा एक विशाल सागर में परिणत हो गयी। लोगों का उत्साह एवं उमंग देखते ही बनता है । पूरा शहर जय श्री राम के नारों से गूंजायमान हो गया। शोभायात्रा शहर की परिक्रमा करते हुए एस एफ रोड स्थित हिन्दी हाई स्कूल पहुंची, जहां भक्तों के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम का समापन भजन कीर्तन एवं प्रभु श्री राम की आरती के साथ हुआ।
समिति के अध्यक्ष श्री देवब्रत मित्र ने बताया कि यह शोभायात्रा सामाजिक समरसता की मिशाल है इसमें जाति पंथ से उपर उठकर सभी हिन्दू शामिल हुए हैं। उन्होंने धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं का आभार प्रकट किया जिन्होंने यात्रा मार्ग में जगह जगह भक्तों के लिए पानी, जूस, लड्डू, बुंदिया इत्यादि की व्यवस्था की। उक्त जानकारी परिषद के विनोद बंसल ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse